चंडीगढ़: तरनतारन के गांव संघा में पत्नी को मनाने पहुंचे एक युवक को उसके साले ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। इस घटना में युवक को बचाने आई एक पड़ोसी महिला भी गंभीर रूप से झुलस गई थी। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने अब मामले को दोहरे हत्या में बदल दिया है।
अमृतसर जिले के गांव काहलवां निवासी 24 वर्षीय लवप्रीत सिंह की शादी तरनतारन के गांव संघा की संदीप कौर से हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। इसी वजह से संदीप कौर मायके आ गई थी। 13 जून को लवप्रीत अपनी पत्नी को वापस लेने ससुराल पहुंचा।
लेकिन उस समय संदीप घर पर नहीं थी। लवप्रीत वापस लौट गया। बाद में संदीप के भाई साजन ने फोन कर लवप्रीत को फिर से बुलाया। लवप्रीत जब घर के बाहर पहुंचा और अंदर जाने लगा तो दोनों में बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान साजन ने साथ लाई पेट्रोल की कैन से लवप्रीत पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
आग लगते ही पास में रहने वाली 38 वर्षीय रणदीप कौर विवाद सुलझाने और लवप्रीत को बचाने दौड़ीं। लेकिन वो भी आग की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। जान बचाने के लिए लवप्रीत पास से गुजर रहे गंदे नाले में कूद गया। लेकिन तब तक वो 90 फीसदी से ज्यादा जल चुका था.
उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। 26 जून को इलाज के दौरान लवप्रीत ने दम तोड़ दिया। रणदीप कौर भी कई दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ती रहीं। मंगलवार 30 जून को अस्पताल में उन्होंने भी अंतिम सांस ली। रणदीप के पीछे एक बेटा और एक बेटी हैं।
थाना सदर के प्रभारी इंस्पेक्टर नवदीप सिंह भट्टी ने बताया कि पहले आरोपित साजन के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था। दोनों की मौत के बाद अब इसे दोहरे हत्याकांड में तब्दील कर दिया गया है। घटना में साजन भी झुलस गया था और अभी अस्पताल में भर्ती है।
उसकी निगरानी के लिए अस्पताल में पुलिस तैनात की गई है। इलाज के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के अनुसार पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे कहासुनी के बाद पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई गई।
इस घटना ने दो परिवारों को तोड़ कर रख दिया है। लवप्रीत की पत्नी सदमे में है। वहीं रणदीप के छोटे बच्चे अब मां के बिना रह गए हैं। गांव में इस घटना के बाद गुस्सा और डर दोनों है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।