नई दिल्ली: सोचिए, आपने सिर्फ 5 मिनट गर्म पानी से नहाया और बाहर निकलते ही पूरे अपार्टमेंट में फायर अलार्म बजने लगे. इससे भी बड़ा झटका तब लगे, जब कुछ देर बाद आपको 1.3 लाख रुपये का बिल थमा दिया जाए. ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली एक भारतीय महिला के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. वजह भी ऐसी थी, जिसकी उसने शायद कल्पना नहीं की थी.
ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली वामिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस घटना के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि वह केवल करीब 5 मिनट तक शॉवर में थीं. उन्हें ठंड जल्दी लगती है, इसलिए उन्होंने नहाते समय बाथरूम का एग्जॉस्ट फैन बंद रखा था. शॉवर लेने के बाद जैसे ही वह बाथरूम से बाहर निकलीं, पूरी बिल्डिंग में फायर अलार्म बजने लगा. अचानक अलार्म की आवाज सुनकर वह भी हैरान रह गईं. शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद बिल्डिंग में फायर ड्रिल चल रही है और कुछ देर बाद सब सामान्य हो जाएगा.
लेकिन मामला मॉक ड्रिल का नहीं था. कुछ ही समय में बिल्डिंग मैनेजर वामिका के अपार्टमेंट के दरवाजे पर पहुंच गया. तब उन्हें पता चला कि फायर अलार्म उनके बाथरूम से उठी भाप के कारण सक्रिय हुआ था. वामिका के मुताबिक, अलार्म बाथरूम के काफी पास लगा था. घटना के बाद फायर ब्रिगेड की इमरजेंसी सर्विस भी मौके पर पहुंची. इसके बाद उन्हें 1,800 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का बिल दिया गया, जो भारतीय मुद्रा में करीब 1.3 लाख रुपये बैठता है.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई. कई लोगों ने सवाल उठाया कि सामान्य शॉवर से पैदा हुई भाप पर फायर अलार्म का इतनी जल्दी सक्रिय हो जाना सिस्टम की ज्यादा संवेदनशीलता का संकेत हो सकता है. कुछ यूजर्स ने वामिका को बिल का विरोध करने की सलाह दी. वहीं, कई लोगों का कहना था कि पहली बार ऐसी घटना होने पर इतना बड़ा चार्ज लगाने के बजाय पहले चेतावनी दी जानी चाहिए थी. कुछ लोगों ने बिल्डिंग के फायर अलार्म सिस्टम की जांच कराने की बात भी कही.