19 साल की काजिया लिज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026, सिर सजा खूबसूरत ताज

केरल की 19 वर्षीय काज़िया लिज़ मेजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीतकर सुर्खियां बटोरी हैं. जयपुर में हुई प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद अब उनकी नजर अंतरराष्ट्रीय मंच पर होने वाली बड़ी प्रतियोगिता पर है.

Date Updated Last Updated : 24 August 2026, 03:02 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Insta/@missuniverseindiaorg

नई दिल्ली: केरल की 19 वर्षीय काज़िया लिज़ मेजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीतकर देशभर में अपनी पहचान बना ली है. जयपुर में रविवार को हुए ग्रैंड फिनाले में उन्होंने 52 अन्य प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए यह ताज अपने नाम किया. अब उनकी अगली चुनौती अंतरराष्ट्रीय मंच पर होगी. नवंबर में प्यूर्टो रिको में होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में काज़िया भारत की ओर से हिस्सा लेंगी.

तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश प्रतियोगिता में पहली उपविजेता रहीं. वहीं गुजरात की अनुश्री सातवलेकर ने दूसरी उपविजेता का स्थान हासिल किया. अनुश्री को मिस इंटरनेशनल इंडिया 2026 का खिताब भी मिला. काज़िया की जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि वह मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज जीतने वाली पहली केरलवासी बन गई हैं.

कौन हैं काज़िया लिज़ मेजो?

काज़िया केरल के मावेलिक्कारा की रहने वाली हैं. वह कानून की छात्रा हैं और पढ़ाई के साथ मॉडलिंग के क्षेत्र में भी काम कर रही हैं. हालांकि, ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में उनकी एंट्री अभी की नहीं है. उन्होंने काफी कम उम्र में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी थी. 17 साल की उम्र में काज़िया ने मिस टीन दिवा 2024 का खिताब जीता था. इसके बाद 2025 में उन्होंने मिस टीन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और पहली उपविजेता बनीं. इस साल उन्होंने मिस यूनिवर्स केरल 2026 का ताज भी जीता. अब राष्ट्रीय खिताब ने उनके सफर को एक नया मुकाम दे दिया है.

अबू धाबी में बीता बचपन

काज़िया का जन्म 2007 में हुआ था और उनका बचपन अबू धाबी में गुजरा. उन्होंने एमिरेट्स नेशनल स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल और अबू धाबी इंडियन स्कूल में पढ़ाई की. बचपन से ही उन्हें पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी दिलचस्पी रही है. काज़िया ने करीब 12 साल तक शास्त्रीय नृत्य का प्रशिक्षण लिया है. वह गायन में भी रुचि रखती हैं और ड्रम व वायलिन बजाना जानती हैं. इसके अलावा उन्होंने सार्वजनिक भाषण और अभिनय में भी अपनी प्रतिभा दिखाई है.

फिल्मों में भी आजमा चुकी हैं हाथ

ब्यूटी पेजेंट के अलावा काज़िया अभिनय की दुनिया में भी कदम रख चुकी हैं. उन्होंने मलयालम फिल्म ‘शाइलॉक’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. इससे साफ है कि मॉडलिंग के साथ उनका जुड़ाव मनोरंजन जगत से भी रहा है.

अब मिस यूनिवर्स के मंच पर नजर

जयपुर में हुए राष्ट्रीय फिनाले की जूरी में पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के अलावा उर्वशी रौतेला और सेलिना जेटली जैसी हस्तियां शामिल थीं. अब काज़िया के सामने सबसे बड़ा मंच है. वह नवंबर में प्यूर्टो रिको में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए मिस यूनिवर्स के अंतरराष्ट्रीय खिताब की दौड़ में उतरेंगी.

सम्बंधित खबर