सांप घर में ना आए इसके लिए क्या करें? जानें 3 घरेलू उपाय

बारिश की मौसम में जलभराव के कारण जब जहरीले जीवों के प्राकृतिक ठिकाने और बिल पानी से भर जाते हैं, तो वे सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में बस्तियों का रुख करते हैं।

Date Updated Last Updated : 20 August 2026, 03:16 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: बारिश की फुहारें जहां मौसम में ठंडक लाती हैं, वहीं यह समय अपने साथ एक बड़ा खतरा भी लेकर आता है। जलभराव के कारण जब जहरीले जीवों के प्राकृतिक ठिकाने और बिल पानी से भर जाते हैं, तो वे सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में बस्तियों का रुख करते हैं। इसी वजह से मानसून के दिनों में घरों, बगीचों और शौचालयों में सांप निकलने की घटनाएं तेजी से बढ़ जाती हैं। ऐसे में घबराने के बजाय कुछ बुनियादी सावधानियां बरतकर इस बड़े जोखिम को आसानी से टाला जा सकता है।

बाथरूम जाने से पहले बरतें ये सतर्कता

टॉयलेट या नाली से सांप के घर में घुसने का खतरा रहता है। बचाव के लिए कमोड में पानी डालें या फ्लश करें और बाथरूम के अंधेरे कोनों को जरूर जांचें।

बंद कमरे में सांप हो तो उसे जबरन बाहर न निकालें। सूती कपड़े, गोबर के कंडे या प्याज-लहसुन के छिलके जलाकर धुआं करने से सांप घुटन के कारण बाहर निकल सकता है।

कॉमन करैत से रहें सावधान

बरसात के दिनों में जिस सांप से सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है, वह है 'कॉमन करैत'। गहरा काला रंग और शरीर पर पतली सफेद धारियों वाला यह सांप रात के समय बेहद सक्रिय होता है। इसकी सबसे डरावनी बात यह है कि इसका काटना लगभग दर्दहीन होता है, जिससे इंसान को नींद में अहसास भी नहीं होता। दिनभर छिपा रहने वाला यह जीव रात में अक्सर जमीन पर सो रहे लोगों के बिस्तर में घुस जाता है। इसलिए बारिश के मौसम में हमेशा फर्श पर सोने से बचें, पलंग का इस्तेमाल करें और सोते समय मच्छरदानी जरूर लगाएं।

फिनाइल की तीखी गंध से दूर रहेंगे जहरीले मेहमान

सांपों की सूंघने की शक्ति अत्यधिक तीव्र होती है। फिनाइल या अन्य तीखी गंध वाले रसायनों की महक उन्हें बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होती। घर की साफ-सफाई के दौरान नियमित रूप से काले फिनाइल का पोंछा लगाने और बालकनी, मुख्य द्वार या ड्रेनेज पाइप के पास फिनाइल के पानी का छिड़काव करने से सांप आपके घर की सीमा में प्रवेश करने से कतराते हैं। सांपों को घर की तरफ आकर्षित होने से रोकने के लिए सबसे पहले उनके भोजन यानी चूहों को घर से भगाना जरूरी है। दीवार और नींव में बनी दरारों व छेदों को तुरंत सीमेंट से बंद कर दें। घर के आसपास झाड़ियों और कचरे को जमा न होने दें। रात में बाहर रखे जूते-चप्पल पहनने से पहले उन्हें अच्छी तरह झाड़ लें और घर के प्रवेश द्वारों पर फिनाइल जैसी तीखी महक वाली चीजों का इस्तेमाल जारी रखें।

सम्बंधित खबर