नई दिल्ली: टिंकल टिंकल गोंगो ने कैमरे के सामने सिर्फ इतनी शिकायत की कि लोग उसके चेहरे को देखकर उसे ‘चाइनीज’ कहते हैं, जबकि वह भारतीय है. उसकी मासूम अपील देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोग उसे प्यार से ‘इंडिया की बेबी’ कहने लगे. टिंकल अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर की रहने वाली हैं. उम्र महज चार साल है, लेकिन उनकी बात ने देश में एक जरूरी मुद्दे की ओर ध्यान खींचा है. सवाल यह है कि किसी भारतीय बच्चे को सिर्फ उसकी शक्ल की वजह से अपनी पहचान बताने की जरूरत क्यों पड़ती है?
टिंकल के पहले वीडियो में वह बेहद मासूम अंदाज में बताती हैं कि कुछ लोग उन्हें ‘चाइनीज’ कहते हैं. वह साफ कहती हैं, ‘हम लोग इंडियन हैं.’ इसके बाद वह बताती हैं कि जब कोई उन्हें चाइनीज कहता है तो उन्हें गुस्सा भी आता है और दुख भी होता है. फिर वह लोगों से अपनी पहचान के साथ बुलाने की अपील करती हैं- ‘हमको इंडियन बोलो.’
टिंकल का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल गया. लोगों ने उसकी मासूमियत के साथ-साथ उस दर्द को भी महसूस किया, जो उसकी बात में छिपा था. पूर्वोत्तर भारत के लोगों को कई बार उनके चेहरे और आंखों की बनावट के आधार पर दूसरे देशों का नागरिक समझ लिया जाता है. टिंकल की छोटी-सी शिकायत ने इसी सोच पर बहस छेड़ दी.
अब टिंकल का एक और वीडियो सामने आया है. इसमें उनकी मां उन्हें बताती हैं कि सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ‘इंडिया की बेबी’ कह रहे हैं. यह सुनकर टिंकल खुशी से मुस्कुराती हैं और अपने अंदाज में कहती हैं, ‘अभी हम इंडिया हो गया.’ इसके बाद वह कैमरे की तरफ देखकर सभी को ‘थैंक यू’ भी कहती हैं.
रिपोर्ट्स के अनुसार, वीडियो वायरल होने के बाद टिंकल के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 82 हजार से ज्यादा हो गए हैं. हालांकि, इस कहानी की अहमियत केवल वायरल होने या बढ़ती लोकप्रियता तक सीमित नहीं है. टिंकल की उम्र इतनी छोटी है कि शायद उन्हें भेदभाव और पहचान जैसे बड़े शब्दों का मतलब भी न पता हो. फिर भी उन्होंने बेहद सरल तरीके से एक जरूरी बात कह दी- किसी इंसान की शक्ल उसकी नागरिकता तय नहीं करती.
भारत में अलग-अलग इलाकों के लोगों की भाषा, रंग, पहनावा और चेहरे की बनावट अलग हो सकती है. यही विविधता देश की पहचान है. टिंकल की कहानी भी इसी बात को याद दिलाती है कि भारतीय होने के लिए किसी खास तरह का दिखना जरूरी नहीं है. चार साल की इस बच्ची की मासूम आवाज में देश के लिए एक बेहद सीधा संदेश छिपा है- हर भारतीय का चेहरा अलग हो सकता है, लेकिन उसकी पहचान भारतीय ही होती है.