दिल्ली-NCR में बारिश का कहर, जलभराव से थमी रफ्तार और 15 फ्लाइट्स डायवर्ट

दिल्ली में सोमवार को तेज बारिश और आंधी-तूफान ने हवाई और सड़क यातायात दोनों को प्रभावित किया. खराब मौसम के कारण कई उड़ानों में देरी हुई और 15 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं, जबकि कई इलाकों में लंबा जाम लगा.

Date Updated Last Updated : 24 August 2026, 03:31 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI generated

नई दिल्ली: दिल्ली में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. खराब मौसम का सीधा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा. दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानों के आगमन और प्रस्थान में परेशानी हुई, जबकि कई फ्लाइट्स को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा. एयरलाइंस ने यात्रियों को सफर से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है.

भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई संचालन प्रभावित हुआ. अब तक 15 उड़ानों को डायवर्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है. इनमें से 12 उड़ानों को जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर भेजा गया. प्रभावित उड़ानों में 6E 404, IX 1462, IX 1047, AI 4308, AI 2526, IX 1236, IX 136, SG 126, AI 1814, 6E 6125, 6E 2102 और AI 2381 शामिल हैं.

एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर कहा कि खराब मौसम के कारण दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है. इंडिगो ने भी उड़ानों के समय में बदलाव और देरी की जानकारी देते हुए कहा कि मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है. वहीं, स्पाइसजेट ने यात्रियों से पहले ही अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने की अपील की है.

दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट

दक्षिण दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट और मध्यम बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. राजधानी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. इन हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. मानसून की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. दोनों जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. बारिश के कारण सड़क से लेकर हवाई सेवाओं तक कई तरह की दिक्कतें पैदा होने की संभावना बनी हुई है.

बारिश से सड़कों पर भी बढ़ी परेशानी

भारी बारिश का असर दिल्ली के ट्रैफिक पर भी दिखाई दिया. संगम विहार के पास एमबी रोड पर लंबा जाम लगने की खबर सामने आई. वायुसेनाबाद और संगम विहार के बीच वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही. कई यात्रियों ने करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहने की शिकायत की. इस जाम का असर दिल्ली एयरपोर्ट, दफ्तरों और साकेत कोर्ट की ओर जाने वाले लोगों पर भी पड़ा. बारिश के दौरान राजधानी में पहले से मौजूद ट्रैफिक दबाव और बढ़ गया, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा.

बारिश के बाद हवा हुई बेहतर

लगातार बारिश का असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर सकारात्मक रूप से भी दिखा. पिछले दो दिनों में हुई बारिश के बाद कई निगरानी केंद्रों पर AQI में सुधार दर्ज किया गया. अशोक विहार में AQI 97, आया नगर में 100, बावाना में 127, कैंटोनमेंट क्षेत्र में 102 और चांदनी चौक में 109 रहा. वहीं, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में AQI 83, मथुरा रोड पर 101 और डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 88 दर्ज किया गया.

सम्बंधित खबर