‘हमको इंडियन बोलो’, अरुणाचल प्रदेश की नन्ही टिंकल की मासूम अपील ने जीता दिल; केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने वीडियो कॉल कर बढ़ाया हौसला

अरुणाचल प्रदेश की नन्ही टिंकल का खुद को भारतीय कहने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. अब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने वीडियो कॉल कर उसका हौसला बढ़ाया और उसे देशभर से मिल रहे प्यार की बात कही.

Date Updated Last Updated : 27 August 2026, 02:24 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Insta/@karga_tinkle_gongo, X/@KirenRijiju

नई दिल्ली: अरुणाचल प्रदेश की नन्ही बच्ची टिंकल की मासूम अपील ने पूरे देश का दिल जीत लिया था. लोगों द्वारा उसे उसकी शक्ल की वजह से ‘चाइनीज’ कहे जाने पर उसने दुख जताते हुए खुद को भारतीय कहने की अपील की थी. उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. टिंकल का मामला तब और चर्चा में आया, जब एक कार्यक्रम के दौरान किरेन रिजिजू को उसके वायरल वीडियो के बारे में बताया गया. उनसे वीडियो कॉल के जरिए बच्ची से बात करने का अनुरोध किया गया, जिसे उन्होंने तुरंत स्वीकार कर लिया और बच्ची से बता करके उसका हौसला बढ़ाया.

वीडियो कॉल के दौरान किरेन रिजिजू ने टिंकल से हिंदी में बात की और उसके परिवार के बारे में भी पूछा. उन्होंमे कहा कि, "तुम्हारी मां कहां है? मुझे अपनी मां की तस्वीर दिखाओ. तुम्हारे पिता कहां हैं?" हालांकि खराब नेटवर्क के कारण बच्ची उनकी बातें ठीक से नहीं सुन पा रही थी. इस पर रिजिजू ने प्यार से कहा कि कॉल खत्म होने के बाद वह अपनी मां को बता दे कि ‘किरेन अंकल’ ने उसे फोन किया था. 

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने टिंकल से स्नेहपूर्वक कहा कि "तुम बहुत मशहूर हो गए हो. तुम्हें पता है ना?" इसके साथ ही उन्होंने टिंकल का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि, "अब पूरा भारत तुमसे प्यार करता है."

क्या था टिंकल के वायरल वीडियो में?

टिंकल का वायरल वीडियो उसकी मासूम लेकिन साफ बात की वजह से लोगों के दिलों तक पहुंचा. वीडियो में उसने कहा था कि जब लोग उसे चाइनीज कहते हैं तो उसे गुस्सा और दुख दोनों होता है. उसने लोगों से अपील की थी कि उसे भारतीय ही कहा जाए, क्योंकि वह भारत की रहने वाली है. टिंकल ने यह भी बताया था कि वह अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में रहती है. उसकी बातों का संदेश बेहद सीधा था- वह अपनी पहचान को लेकर पूरी तरह स्पष्ट है और चाहती है कि लोग उसे भारतीय के रूप में ही देखें.

वीडियो सामने आने के बाद देशभर के लोगों ने टिंकल की तारीफ की. उसकी बेबाकी, मासूमियत और अपनी पहचान को लेकर आत्मविश्वास ने लोगों को प्रभावित किया. अब किरेन रिजिजू से हुई उसकी बातचीत ने भी इस छोटी बच्ची की कहानी को एक नई पहचान दे दी है.

सम्बंधित खबर