सुशांत की बहन श्वेता का इमोशनल पोस्ट, रक्षाबंधन पर भाई को याद कर शेयर की बचपन की खूबसूरत तस्वीर

रक्षाबंधन पर श्वेता सिंह कीर्ति ने दिवंगत भाई सुशांत सिंह राजपूत को याद करते हुए बचपन की तस्वीरें साझा कीं. उन्होंने खिलौनों, मिठाइयों और भाई-बहन के रिश्ते से जुड़ी अनमोल यादों के जरिए अपनी भावनाएं जाहिर कीं.

Date Updated Last Updated : 27 August 2026, 03:36 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Insta/@shwetasinghkirti, sushantsinghrajput

नई दिल्ली: रक्षाबंधन का त्योहार आते ही सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति एक बार फिर अपने भाई की यादों में खो गईं. उन्होंने सोशल मीडिया पर बचपन की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए सुशांत के साथ बिताए खास पलों को याद किया. पोस्ट में भाई-बहन के प्यार के साथ वह मासूमियत भी नजर आई, जो उनके बचपन के रिश्ते की खास पहचान थी. श्वेता ने अपनी भावुक पोस्ट में ये भी लिखा कि अगर अगले जन्म का मौका मिला तो वह चाहेंगी कि सुशांत उनकी बड़ी और प्यारी बहन बनें, जबकि वह खुद सुशांत के बचपन वाले शरारती बच्चे की भूमिका निभाएं.

श्वेता ने बताया कि बचपन में उन्हें अपने खिलौने छोटे भाई सुशांत के साथ बांटने में बहुत खुशी होती थी. अपनी इकलौती गुड़िया से लेकर गिफ्ट में मिले छोटे किचन सेट तक, वह अपनी पसंद की चीजें भाई के साथ खुशी-खुशी शेयर करती थीं. उनके लिए सबसे खास बात यह थी कि सुशांत उन खिलौनों के साथ खेलते और खुश होते थे. भाई के चेहरे पर खुशी देखकर श्वेता को अपने खिलौने देने में और भी ज्यादा आनंद मिलता था.

शेयर की बचपन की फोटो

श्वेता ने बचपन की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि, "मुझे आज भी वह दिन याद है... तुम्हारे साथ अपने सारे खिलौने शेयर करके मुझे कितनी खुशी होती थी. मेरी अकेली गुड़िया, वह छोटा सा किचन सेट जो मुझे तोहफ़े में मिला था... तुम्हें उनसे खेलते और मज़ा करते देखकर मुझे और भी ज़्यादा खुशी मिलती थी. लेकिन हां... जब बात मिठाइयों की आती थी, जो हम दोनों को ही बहुत पसंद थीं, तो मामला बिल्कुल अलग होता था... मैं यह पक्का करना चाहती थी कि हम उन्हें बिल्कुल बराबर-बराबर बाँटें. किसी को ज़्यादा न मिले, किसी को कम न मिले... बस, एकदम बराबर होना चाहिए था!"

उन्होंने आगे लिखा कि, "रक्षाबंधन पर जब मैं भाई को कलाकंद खिला रही थी, तब इस तस्वीर में मेरे चेहरे के भाव देखिए... मुझे याद है कि मैं उसे बिल्कुल आधा हिस्सा देने को लेकर कितनी सतर्क थी... बस उन भावों को देखिए! मैं कितनी ध्यान से देख रही हूं कि कहीं वह बड़ा टुकड़ा न खा ले. ये वो यादें हैं जिन्हें मैं हमेशा अपने दिल के करीब रखूंगी... ये बहुत अनमोल हैं. वैसे भाई... अगले जन्म में, अगर मेरा जन्म हुआ, तो तुम्हें मेरी बड़ी, प्यारी बहन का रोल निभाना होगा... और मैं वो शरारती, प्यारी बच्ची बनूंगी जो तुम थे. और अगर मैं अपनी ज़िंदगी के सबसे करीबी पलों में से किसी एक पल को हमेशा के लिए रोक पाती, तो यह पल सबसे खास होता... हम सब यहां हैं. साथ में. बिल्कुल वैसे ही जैसे हम तब थे... हमेशा के लिए एक बेहतरीन तस्वीर में कैद."

2020 में हुआ था सुशांत का निधन

बता दें कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का 14 जून 2020 को 34 साल की उम्र में निधन हो गया था. वह मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे. आधिकारिक तौर पर उनकी मौत को आत्महत्या माना गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी के कारण दम घुटना बताई गई थी.

सम्बंधित खबर