बिहार: मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां एक युवक पर अपनी ही मां के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया और गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के अनुसार, घटना सकरा थाना क्षेत्र के मझौलिया पंचायत के एक गांव की है. आरोप है कि युवक ने नशे की हालत में अपनी ही मां के साथ दुष्कर्म किया. इस घटना ने मां-बेटे जैसे पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया. पीड़िता की जानकारी सामने आने के बाद पूरे इलाके में लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली.
घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. लोगों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि वे किसी भी कीमत पर उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे. मौके पर काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा.
घटना की सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. जब पुलिस वहां पहुंची, तब तक आरोपी युवक ग्रामीणों के कब्जे में था और उसकी पिटाई की जा रही थी. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए काफी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उसे पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले जाया गया और हिरासत में ले लिया गया. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की. अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.
एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सकरा थाना क्षेत्र के एक गांव से मां के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने कहा कि पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है. वहीं, घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी भी पुलिस जांच कर रही है.