पटना: नीट पेपर लीक मामले को लेकर बिहार बंद के दौरान सिवान में हुए बवाल के बीच AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी पर बड़ी कार्रवाई की गई है. सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले को लेकर संज्ञान लिया है और संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. बता दें, निलंबित जवान की पहचान एसआईटी में तैनात अभिषेक पटेल के रूप में हुई है और मामले की विस्तृत विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह नीट पेपर लीक के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी सिवान के गांधी मैदान में एकत्र हुए थे. शुरुआत में शांतिपूर्ण प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र हो गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की और गांधी मैदान तथा जेपी चौक के आसपास पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया.
बिहार: सीवान में छात्रों पर AK–47 से फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। वह SP की सुरक्षा में तैनात था। फायरिंग में 3 छात्रों को गोली लगी थी।#Siwan #AK47 #Protest #Bihar https://t.co/kH2UM77Hd1 pic.twitter.com/mmyKH0TGpC
— Firoz Naik Mirza (@MrFirozKhan) July 27, 2026
वहीं पथराव के दौरान सिवान के पुलिस अधीक्षक पुराण कुमार झा घायल हो गए. उनके पैर में चोट आई. इसके अलावा कई पुलिसकर्मियों और मौके पर मौजूद कुछ पत्रकारों को भी चोटें आईं. इतना ही नहीं हालात बिगड़ने पर पुलिस ने पहले भीड़ को समझाकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने. इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए.
इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक पुलिस जवान AK-47 से हवाई फायरिंग करता नजर आया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय ने तत्काल जांच के आदेश दिए.
प्रारंभिक जांच में वीडियो में दिख रहे जवान की पहचान अभिषेक पटेल के रूप में हुई, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है. अगर जांच में किसी अन्य पुलिसकर्मी की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सिवान में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, जबकि पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है.