नई दिल्ली: भारतीय वेटलिफ्टर राजा मुथुपंडी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 65 किलोग्राम स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया है. यह भारत के लिए दिन का तीसरा पदक रहा. खास बात यह है कि गंभीर चोट और लंबे संघर्ष के बाद राजा ने यह उपलब्धि हासिल कर दमदार वापसी की है.
बता दें, 26 वर्षीय राजा ने कुल 286 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 126 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 160 किलोग्राम का सफल प्रयास किया. दोनों वर्गों में उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और इसी के दम पर रजत पदक जीतने में सफल रहे.
इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल मलेशिया के अज़नील बिन बिदिन मोहम्मद ने जीता. उन्होंने कुल 299 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया. इसके साथ ही वह लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन बने. इससे पहले भी वह 2018 और 2022 में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं.
राष्ट्रमंडल खेल 2026 में 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग स्पर्धा (पुरुष) में रजत पदक जीतकर विश्व पटल पर तिरंगे का गौरव बढ़ाने वाले राजा मुथुपांडी जी को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं!
— Manjinder Singh Sirsa (@mssirsa) July 27, 2026
आपकी यह शानदार उपलब्धि देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ईश्वर से आपके उज्ज्वल एवं सफल… pic.twitter.com/BuNfvs5cQT
वहीं राजा की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि साल 2019 में कोहनी के लिगामेंट में गंभीर चोट लगने के बाद उनका करियर मुश्किल दौर से गुजर रहा था. फिर कोविड-19 महामारी ने उनकी वापसी की राह और कठिन बना दी. इसके बाद में भारवर्ग में बदलाव और जेरेमी लालरिनुंगा के शानदार प्रदर्शन के कारण वह 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स की टीम में जगह नहीं बना पाए थे.
हालांकि राजा ने हार नहीं मानी. उन्होंने 65 किलोग्राम वर्ग शुरू होने के बाद उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की और लगातार अच्छा प्रदर्शन किया. 2025 वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ 299 किलोग्राम कुल वजन उठाकर शीर्ष-10 में जगह बनाई थी. अब कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर जीतकर उन्होंने साबित कर दिया कि मेहनत और धैर्य से वापसी हमेशा संभव है.
रविवार को भारत के तीनों पदक वेटलिफ्टिंग से आए. इससे पहले मीराबाई चानू ने महिलाओं की 48 किलोग्राम स्पर्धा में लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स का गोल्ड मेडल जीता, जबकि चनंबम ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों की 60 किलोग्राम स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं बॉक्सिंग में भारत को पहला झटका लगा. भारतीय मुक्केबाज आदित्य प्रताप यादव प्री-क्वार्टर फाइनल में युगांडा के नूहू बैटे से 3-2 के करीबी मुकाबले में हार गए. ग्लासगो 2026 में भारतीय बॉक्सिंग टीम की यह पहली हार रही.