नई दिल्ली: भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी का कानूनी केस लड़ चुके भारतीय क्रिमिनल लॉयर विजय अग्रवाल को लंदन में गिरफ्तार किया गया है. उन पर दो महिलाओं के साथ चार बार यौन उत्पीड़न करने के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस कार्रवाई के बाद अग्रवाल को हिरासत में रखा गया है. उनकी पर्सनल असिस्टेंट मनप्रीत कौर को भी गिरफ्तार किया गया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, विजय अग्रवाल और मनप्रीत कौर को 11 अगस्त को लंदन के मेफेयर इलाके में स्थित एक लग्जरी सर्विस्ड टाउन हाउस से पकड़ा गया. पुलिस को इसी जगह पर महिलाओं से कथित यौन उत्पीड़न की शिकायत मिली थी. दोनों को हिरासत में लेने के बाद 13 अगस्त को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां उनके खिलाफ आरोप तय किए गए.
विजय अग्रवाल पर दो अलग-अलग महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के कुल चार आरोप हैं. आरोपों के मुताबिक, इनमें से तीन घटनाएं 9 अगस्त को हुईं, जबकि एक अन्य मामला 26 मई का बताया गया है. पुलिस के अनुसार, एक मामले में महिला की सहमति के बिना उसे जानबूझकर यौन प्रकृति के तरीके से छूने का आरोप है. ये घटनाएं उसी प्रॉपर्टी में होने का दावा किया गया है, जहां दोनों आरोपी ठहरे हुए थे.
अग्रवाल की पर्सनल असिस्टेंट मनप्रीत कौर पर भी कथित अपराधों को बढ़ावा देने या उनमें मदद करने के दो आरोप लगाए गए हैं. आरोप है कि उन्होंने नौकरी से जुड़ा एक फर्जी विज्ञापन पोस्ट किया और उसके जरिए दोनों महिलाओं को अग्रवाल से मिलने के लिए उक्त स्थान पर बुलाया.
दोनों आरोपियों के मामले को आगे की सुनवाई के लिए साउथवार्क क्राउन कोर्ट भेज दिया गया है. अगली सुनवाई 10 सितंबर को होनी है. फिलहाल दोनों हिरासत में हैं. मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए दो अन्य लोगों को आगे की जांच पूरी होने तक जमानत दे दी गई है. शिकायत करने वाली दोनों महिलाओं को पुलिस के विशेष अधिकारियों की ओर से सहायता दी जा रही है. आरोपों पर अदालत में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी.