पाकिस्तानी सैन्य काफिले को बनाया निशाना, BRAS ने 7 सैनिक मारें जाने का किया दावा, 8 घायल

बलोच संगठन BRAS ने दावा किया है कि नुश्की के कचकई इलाके में पाकिस्तानी सैन्य काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले में 7 सैनिक मारे गए और 8 से ज्यादा घायल हुए.

Date Updated Last Updated : 20 August 2026, 11:10 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: बलूचिस्तान में सक्रिय सशस्त्र संगठन बलोच राजी आजोई संगर (BRAS) ने पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला करने का दावा किया है. संगठन के मुताबिक, 17 अगस्त को नुश्की के कचकई इलाके में लेवीज स्टेशन के पास सैन्य काफिले को निशाना बनाया गया. BRAS का दावा है कि इस हमले में पाकिस्तान के 7 सैन्यकर्मी मारे गए, जबकि 8 से ज्यादा जवान घायल हुए हैं.

घात लगाकर सैन्य काफिले पर हमला

BRAS ने अपने बयान में कहा कि उसके लड़ाकों ने पाकिस्तानी सैन्य काफिले की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद उसे घात लगाकर निशाना बनाया. संगठन के अनुसार, हमला कचकई क्षेत्र में लेवीज स्टेशन के पास किया गया, जहां से सैन्य काफिला गुजर रहा था.

संगठन ने दावा किया कि हमले में पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान हुआ. BRAS के मुताबिक, 7 सैनिकों की मौत के अलावा 8 से अधिक सैन्यकर्मी घायल हुए हैं. हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

ड्रोन गिराने का भी दावा

बलूच संगठन ने यह भी दावा किया कि हमले के दौरान पाकिस्तानी सेना के एक क्वॉडकॉप्टर को मार गिराया गया. BRAS ने अपने बयान में कहा कि वह बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की मौजूदगी के खिलाफ अपना सशस्त्र अभियान जारी रखेगा.

संगठन का कहना है कि जब तक पाकिस्तानी सेना बलूचिस्तान से पूरी तरह पीछे नहीं हटती, तब तक उसके हमले जारी रहेंगे. इस बयान से इलाके में चल रहे लंबे समय से जारी संघर्ष की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

पाकिस्तान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं

इस हमले को लेकर पाकिस्तान सरकार या पाकिस्तानी सेना की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. सैनिकों की मौत, घायल होने और क्वॉडकॉप्टर गिराए जाने से जुड़े BRAS के दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी हिंसा और सुरक्षा अभियानों का सामना कर रहा है. ऐसे में इस तरह के हमलों के दावे क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता बढ़ाते हैं.

सम्बंधित खबर