पहली बार अमेरिका पर पार हुआ कर्ज, 40 ट्रिलियन डॉलर, हर 5 महीने में बढ़ रहा 1 ट्रिलियन

अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज पहली बार 40 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है और पिछले करीब 10 महीनों में इसमें 2 ट्रिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई है.

Date Updated Last Updated : 20 August 2026, 10:35 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रीय कर्ज ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. पहली बार देश का कुल सरकारी कर्ज 40 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है. यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब अमेरिकी सरकार को रक्षा, सामाजिक सुरक्षा और मेडिकेयर जैसी योजनाओं पर लगातार भारी खर्च करना पड़ रहा है. इसके अलावा पुराने कर्ज पर बढ़ता ब्याज भी सरकारी बजट पर दबाव बढ़ा रहा है.

10 महीने में 2 ट्रिलियन डॉलर की बढ़ोतरी

अमेरिकी राष्ट्रीय कर्ज में तेजी से इजाफा हुआ है. अक्टूबर में कर्ज 38 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचा था. इसके करीब पांच महीने बाद मार्च में यह 39 ट्रिलियन डॉलर हुआ और अब अगस्त में 40 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा भी पार हो गया.

यानी करीब 10 महीनों में अमेरिका के कर्ज में 2 ट्रिलियन डॉलर की वृद्धि हुई है. मौजूदा रफ्तार को देखें तो करीब हर पांच महीने में कर्ज एक ट्रिलियन डॉलर बढ़ रहा है.

40 ट्रिलियन डॉलर में क्या शामिल है?

अमेरिकी वित्त विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कुल सार्वजनिक कर्ज 40.047 ट्रिलियन डॉलर दर्ज किया गया. इसमें करीब 32.266 ट्रिलियन डॉलर की सरकारी सिक्योरिटीज जनता के पास हैं, जबकि लगभग 7.782 ट्रिलियन डॉलर अंतर-सरकारी कर्ज है. सरकार की बढ़ती देनदारियों में सामाजिक योजनाओं का खर्च और पुराने कर्ज का ब्याज बड़ी भूमिका निभा रहे हैं.

रक्षा और सोशल सिक्योरिटी पर भारी खर्च

अमेरिका का बड़ा बजट रक्षा क्षेत्र में जाता है. इसके साथ सोशल सिक्योरिटी और मेडिकेयर जैसी योजनाओं पर भी सरकार को बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है. बढ़ती ब्याज लागत ने स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है. सरकार का कहना है कि फिजूलखर्ची और गलत इस्तेमाल को रोकने के साथ आर्थिक विकास बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.

आम लोगों पर भी पड़ सकता है असर

बढ़ता राष्ट्रीय कर्ज सिर्फ सरकारी आंकड़ा नहीं है. कर्ज पर ब्याज बढ़ने से सरकार के पास दूसरे क्षेत्रों के लिए कम पैसा बच सकता है. इसका असर होम लोन, कार लोन और कारोबार की लागत पर भी पड़ सकता है.

सम्बंधित खबर