नई दिल्ली: सोशल मीडिया की दुनिया में एक वीडियो ने अचानक हलचल मचा दी. दावा किया गया कि सुपरस्टार अल्लू अर्जुन से मिलने के लिए 42 सख्त नियम बनाए गए हैं जिनमें उनकी आंखों में न देखने और हाथ न मिलाने जैसी शर्तें शामिल हैं. देखते ही देखते यह कथित 'नियमों की सूची' वायरल हो गई और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई.
मामला इतना बढ़ गया कि अल्लू अर्जुन की टीम को आधिकारिक बयान जारी करना पड़ा. टीम ने इन सभी दावों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया. साथ ही चेतावनी दी कि इस तरह की गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस बयान के बाद विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया. इस मामले में अल्लू अर्जुन के सहकलाकार भी उनका साथ देते नजर आ रहे हैं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से उनक छवी खराब न करने की अपील की है.
फिल्म ‘पुष्पा’ में अल्लू अर्जुन के साथ काम कर चुके अभिनेता राजशेखर ने भी खुलकर उनका बचाव किया. अपने आधिकारिक X अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में उन्होंने कहा कि चार साल तक साथ काम करने के दौरान उन्होंने अल्लू अर्जुन को बेहद सरल और विनम्र पाया. राजशेखर के मुताबिक, जहां कई सितारे ब्रेक के दौरान अपने स्पॉट बॉय के जरिए खाना मंगवाते हैं, वहीं अल्लू अर्जुन खुद टीम के साथ बैठकर नाश्ता करते हैं.
उन्होंने यह भी बताया कि यदि कभी वे सेट पर देर से पहुंचते हैं तो सभी से माफी मांगते हैं और हर व्यक्ति का सम्मानपूर्वक अभिवादन करते हैं. राजशेखर ने कहा कि ऐसे जमीन से जुड़े कलाकार पर 42 नियमों का आरोप लगाना पूरी तरह निराधार है.
बता दें यह विवाद एक पॉडकास्ट क्लिप से शुरू हुआ, जिसमें मीडिया सेल्स प्रोफेशनल कावेरिया बरुआ ने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान दावा किया कि उनसे मिलने से पहले 42 नियमों की सूची दी गई थी. उन्होंने कहा कि अभिनेता के साथ कई स्तरों के मैनेजर होते हैं और कुछ सख्त निर्देश दिए जाते हैं.
विवाद के बीच प्रशंसकों ने अभिनेता के समर्थन में पोस्ट करना शुरू कर दिया. कई यूजर्स ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसी बातें फैलाना गलत है. अल्लू अर्जुन की टीम ने भी स्पष्ट कर दिया है कि वे इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है.