नई दिल्ली: कनाडा के एक शांत कस्बे में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक माध्यमिक विद्यालय में गोलीबारी की खबर सामने आई. टम्बलर रिज शहर के सेकेंडरी स्कूल में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया और देखते ही देखते आपात हालात बन गए.
बता दें कनाडा के टम्बलर रिज शहर के एक माध्यमिक विद्यालय में गोलीबारी हुई, जिसके बाद कम से कम सात लोग मारे गए और 25 घायल हो गए. इस घटना के बाद स्कूल प्रशासन सकते में आ गया. पुलिस ने बताया कि एक संदिग्ध को मारा जा चुका है. हालांकि घटना से जुड़ी कई अहम जानकारियां अभी साझा नहीं की गई हैं.
पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 1:20 बजे कनाडा के टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में गोलीबारी की सूचना मिली. सूचना मिलते ही रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की टीम मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेर लिया गया. अधिकारियों ने कहा कि हालात को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने में समय लगा.
इस गोलीबारी में कई लोगो की जान चली गई है. पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना में अब तक सात लोगो की जान जा चुकी है. संदिग्ध के अलावा स्कूल परिसर के अंदर छह अन्य लोगों के मृत पाए जाने की पुष्टि हुई है.
दो घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई. इसके अलावा लगभग 25 अन्य लोगों का स्थानीय चिकित्सा केंद्र में इलाज किया जा रहा है. बता दें पुलिस इस पूरी घटना की जांच में जुटी हुई है. टीम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस घटना में कोई और व्यक्ति शामिल था.
घटना के बाद टम्बलर रिज और आसपास के इलाकों में मोबाइल पर आपातकालीन अलर्ट भेजा गया. संदिग्ध का हुलिया साझा किया गया और लोगों से घरों के अंदर रहने व प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की गई. पुलिस ने स्पष्ट कहा कि जब तक हालात पूरी तरह सुरक्षित न हों, कोई भी बाहर न निकले.