नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मानसून सक्रिय नज़र आ रहा है और दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मध्य प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है. इसके अलावा कई ऊपरी वायुमंडलीय परिसंचरण भी मौसम को प्रभावित कर रहे हैं.
राजधानी दिल्ली में मानसून ट्रफ और आसपास के क्षेत्रों में बने मौसम सिस्टम का असर देखने को मिल रहा है. 23 अगस्त को दिल्ली में आसमान बादलों से घिरा रह सकता है और सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, फिलहाल राजधानी में भारी बारिश की संभावना कम है.
वहीं उत्तर प्रदेश में 22 से 25 अगस्त के बीच खासकर पूर्वी हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. 23 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. बिहार में भी 23 अगस्त को बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का खतरा है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 24 से 27 अगस्त के बीच भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है.
इसके साथ ही IMD ने 23 अगस्त को ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. बता दें, ओडिशा में 22 से 28 अगस्त के बीच कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है. वहीं छत्तीसगढ़ में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और गरज-चमक का दौर बने रहने की संभावना है.
पहाड़ी इलाकों की बात करें तो उत्तराखंड में 28 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है. ऐसे में पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास नया सिस्टम विकसित हो रहा है. इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जिससे पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में बारिश और बढ़ सकती है. दक्षिण भारत में भी केरल, कर्नाटक और तेलंगाना समेत कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में बिजली गिरने और खराब मौसम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.