गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में आमों की बहार शुरू हो जाती है. लेकिन आम खरीदते समय सबसे बड़ी परेशानी यही होती है कि बाहर से सुंदर दिखने वाला आम अंदर से मीठा निकलेगा या खराब. कई बार आम ऊपर से बिल्कुल सही नजर आता है, लेकिन काटने पर अंदर से काला या सड़ा हुआ निकल जाता है.
इसी उलझन के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें इंस्टाग्राम यूजर तेजश्री ठाकुर आम पहचानने की ऐसी ट्रिक बताती नजर आ रही हैं, जिसे लोग बेहद काम की बता रहे हैं. वीडियो में एक दुकानदार अच्छे और खराब आम की पहचान का आसान तरीका समझाता दिखाई देता है.
वीडियो में तेजश्री ठाकुर एक आम की दुकान पर बैठी नजर आती हैं. वह बताती हैं कि कई बार आम बाहर से बिल्कुल परफेक्ट दिखते हैं, लेकिन काटने पर खराब निकलते हैं. इसके बाद वह दुकानदार से अच्छे आम पहचानने का तरीका पूछती हैं.
A post shared by Tejashree Thakur✨ (@tejashreethakurofficial)
दुकानदार कुछ आम उठाकर समझाता है कि खराब आम कई बार ऊपर से बिल्कुल ठीक नजर आते हैं. वह एक आम को हल्का दबाकर दिखाता है और कहता है कि अगर आम दबाने के बाद तुरंत अपनी पुरानी शेप में लौट आए, तो यह अंदर से खराब होने का संकेत हो सकता है.
दुकानदार वीडियो में दो-तीन आमों पर यही ट्रिक अपनाकर दिखाता है. उसके मुताबिक जरूरत से ज्यादा नरम आम खरीदने से बचना चाहिए, क्योंकि ऐसे आम जल्दी खराब निकल सकते हैं. वीडियो में एक ऐसा आम भी दिखाया गया, जो ऊपर से लगभग बिल्कुल सही लग रहा था. उसमें सिर्फ छोटा सा निशान था, लेकिन काटने पर वह अंदर से खराब निकला. दुकानदार ने बताया कि कई बार छोटे दाग भी अंदर की खराबी का संकेत होते हैं.
फूड एक्सपर्ट्स का कहना है कि आम खरीदते समय सिर्फ रंग देखकर फैसला नहीं करना चाहिए. उनके मुताबिक आम की खुशबू, वजन और छिलके की बनावट भी उसकी क्वालिटी के बारे में काफी कुछ बता देती है. अगर आम से मीठी खुशबू आ रही हो और वह हाथ में थोड़ा भारी महसूस हो, तो उसके अच्छा और रसदार होने की संभावना ज्यादा होती है. वहीं बहुत ज्यादा दबा हुआ या सिकुड़ा आम खराब हो सकता है.
सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को काफी उपयोगी बता रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि गर्मियों में आम खरीदते समय ऐसी छोटी-छोटी बातें बहुत काम आती हैं. अगर आप भी इस सीजन मीठा और सही आम चुनना चाहते हैं, तो अगली बार बाजार जाते वक्त इन संकेतों पर जरूर ध्यान दें.