'मैं संस्कारी बिहारी' मनोज तिवारी का प्रशांत किशोर पर पलटवार, बोले- 'जीतकर भी गाली दे रहे'

प्रशांत किशोर के ‘फ्रॉड’ वाले बयान पर मनोज तिवारी ने पलटवार करते हुए उन्हें ‘अहंकारी’ बताया. मनोज बोले- ‘मैं संस्कारी बिहारी हूं, जीतने के बाद भी गाली देना सही नहीं.’

Date Updated Last Updated : 16 August 2026, 04:57 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: pinterest

पटना: बिहार की राजनीति में भाजपा सांसद मनोज तिवारी और जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर के बीच चल रही जुबानी जंग और तेज हो गई है. प्रशांत किशोर की ओर से खुद को फ्रॉड बताए जाने के बाद मनोज तिवारी ने पलटवार करते हुए उन्हें अहंकारी करार दिया है. भाजपा सांसद ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद भी जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, वह हैरान करने वाली है.

पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान मनोज तिवारी ने कहा कि चुनाव के दौरान राजनीतिक बयानबाजी अपनी जगह होती है, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद भी किसी के मुंह से अपशब्द निकलना उचित नहीं है. उन्होंने खुद को ‘संस्कारी बिहारी’ बताते हुए प्रशांत किशोर के बयान पर सवाल उठाए है. 

‘जीतने के बाद झुकना संस्कार’

मनोज तिवारी ने कहा कि जीत के बाद विनम्र रहना संस्कार की निशानी है, जबकि जीत के बाद भी किसी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करना अहंकार दिखाता है. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपने करियर में एक हजार से ज्यादा कलाकारों को मंच दिया और बिहार की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम किया है. वहीं भाजपा सांसद ने प्रशांत किशोर को बांकीपुर उपचुनाव में जीत की बधाई देते हुए कहा कि अब उन्हें क्षेत्र के विकास और जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए.

प्रशांत किशोर ने मनोज तिवारी को बताया था ‘फ्रॉड’

इससे पहले प्रशांत किशोर ने एक इंटरव्यू के दौरान मनोज तिवारी पर तीखा हमला बोला था.  बता दें, उन्होंने भाजपा सांसद को ‘फ्रॉड आदमी’ बताते हुए आरोप लगाया था कि वह केवल चुनाव के समय बिहार आते हैं और उसके बाद नजर नहीं आते. पीके ने मनोज तिवारी को भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर भी चुनौती दी थी.

भरत तिवारी मामले से शुरू हुआ विवाद

दोनों नेताओं के बीच विवाद की एक बड़ी वजह भरत तिवारी एनकाउंटर का मामला है. मनोज तिवारी ने आरोप लगाया था कि प्रशांत किशोर ने भरत तिवारी की मां से कथित तौर पर कहा था कि उन्हें न्याय तभी मिलेगा, जब वह बांकीपुर में जन सुराज के लिए प्रचार करेंगी. प्रशांत किशोर ने इन आरोपों पर पलटवार करते हुए मनोज तिवारी से सबूत के साथ अपनी बात साबित करने की चुनौती दी थी. इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी लगातार बढ़ती गई. अब नजर इस बात पर है कि जन सुराज की ओर से मनोज तिवारी के ताजा बयान पर क्या प्रतिक्रिया आती है.

सम्बंधित खबर