PDA में ‘A’ का अर्थ आधी आबादी, महिलाओं को मिलेंगे ₹40 हजार, डिंपल ने किया बड़ा ऐलान

सपा ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं पर फोकस बढ़ाते हुए कई बड़े ऐलान किए. डिंपल यादव ने PDA में ‘A’ का मतलब ‘आधी आबादी’ बताते हुए महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को प्राथमिकता देने की बात कही.

Date Updated Last Updated : 26 August 2026, 05:23 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X/ @yadavakhilesh @dimpleyadav

लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच महिलाओं पर अपना फोकस बढ़ा दिया है. बता दें, बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी के राज्य मुख्यालय में महिलाओं से जुड़े एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और छात्राओं के लिए कई बड़े ऐलान किए गए. 

डिंपल यादव ने अपने संबोधन में पार्टी के चर्चित ‘PDA’ फॉर्मूले में ‘A’ का नया मतलब बताते हुए कहा कि इसमें अब ‘आधी आबादी’ को भी शामिल किया गया है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों को पार्टी की प्राथमिकताओं में जगह दी जाएगी. 

महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये की योजना

अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि अगर उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू की जाएगी. इसके तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. वहीं पार्टी की ओर से कहा गया कि यह आर्थिक मदद शुरुआती तौर पर 40 हजार रुपये सालाना होगी और आने वाले समय में इसमें बढ़ोतरी भी की जाएगी. सपा का कहना है कि योजना का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना है.

12वीं पास छात्राओं को मिलेगा लैपटॉप

महिलाओं के साथ छात्राओं को लेकर भी सपा अध्यक्ष ने बड़ा वादा किया है. अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर 12वीं कक्षा पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप दिए जाएंगे. पार्टी का कहना है कि इस कदम से छात्राओं को पढ़ाई और तकनीक से जोड़ने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही महिलाओं और बेटियों के लिए शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की बात कही गई.

रानी अवंतीबाई लोधी को लेकर भी घोषणा

अखिलेश यादव ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी से जुड़ा भी एक बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर 16 अगस्त को उनकी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश में राजकीय सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा. इसके अलावा लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित करने की बात भी कही गई. इन घोषणाओं के जरिए समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं, बेटियों और पिछड़े वर्गों को अपने राजनीतिक एजेंडे के केंद्र में रखने का संकेत दिया है. 

सम्बंधित खबर