लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली के दौरे पर पहुंचे है, जहां उन्होंने जिले के विकास के लिए 879 करोड़ रुपये की 346 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया हैं. बता दें, मुख्यमंत्री 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया. वहीं इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी और राहुल गांधी को लेकर कई सवाल उठाए है.
सीएम योगी ने लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर विरासत के अपमान का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि देश की संस्थाओं का अपमान करना उचित नहीं है. मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा कि उन्होंने खुद को अपनी जिम्मेदारियों से अलग कर लिया है. इसके साथ ही सीएम योगी ने मनुस्मृति को लेकर राहुल गांधी की कथित टिप्पणी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणी के लिए राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए.
इसी बीच मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिले में कई सड़क, आवासीय और शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया है. इनमें महराजगंज-इन्हौना मार्ग के सुदृढ़ीकरण का काम भी शामिल है, जिसकी लागत 36 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है. इसके अलावा पुलिस लाइन में जी+12 ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण पर 24 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे. कुंदनगंज और पश्चिमगांव-टेरा-अघौरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की परियोजना भी शुरू की गई है, जिसकी अनुमानित लागत 21 करोड़ रुपये से अधिक है.
इसके साथ ही शिवगढ़ विकासखंड के ओसाह ग्राम और बेला-भेला में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनाए जाएंगे. दोनों परियोजनाओं पर 24-24 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है. वहीं, हरचंदपुर में खीरों-पाहो संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया की जगह नई 4.10 मीटर स्पान आरसीसी बॉक्स पुलिया का निर्माण किया जाएगा. इस परियोजना के लिए करीब 3 करोड़ रुपये का प्रावधान है. इन परियोजनाओं के जरिए सड़क, पुलिस आवासीय सुविधाओं और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है.