फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से एक ऐसा मामला सामने आ रहा है जिसने सबको हैरान कर दिया है. यह मामला जितना चौंकाने वाला है, उतना ही सुनियोजित भी है. पुलिस और परिजन जिसे लंबे समय तक एक रेल हादसा समझा गया, वह दरअसल एक सोची-समझी हत्या निकली. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की जान ली और सबूत मिटाने के इरादे से शव को रेलवे ट्रैक पर डाल दिया.
यह वारदात 30 नवंबर 2025 की बताई जा रही है, लेकिन सच्चाई करीब दो महीने बाद सामने आई. जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.
1 दिसंबर 2025 को मेवाला महाराजपुर इलाके में रेलवे पटरियों पर एक व्यक्ति का अज्ञात शव मिला था. जिसका चेहरा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान संभव नहीं हो पाई. शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे ट्रेन से हुई दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया काफी दिनों तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी. बता दें जब शव बरामद हुआ तो उसका चेहरा बुरी तरह से कुचला हुआ था.
करीब डेढ़ महीने बाद 18 जनवरी को मृतक के भाई सनी ने सूरजकुंड थाने में अपने भाई की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में रखे अज्ञात शव का मिलान किया. कपड़ों और शारीरिक संकेतों के आधार पर शव की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले के रहने वाले सुमन के रूप में हुई.
पुलिस के अनुसार, सुमन को अपनी पत्नी अंजनी उर्फ कविता और पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी रियाजुल के बीच चल रहे संबंधों की जानकारी हो गई थी. इसी के बाद दोनों ने सुमन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
इसके बाद जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुमन को बहाने से बुलाया और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई. पहचान छिपाने और घटना को हादसा दिखाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़ दिया गया.
क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने अंजनी (29) और रियाजुल (30) को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने जब दोनो से सख्ती से पूछताछ की तोउ आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है. हत्या के बाद महिला कुछ समय के लिए झारखंड चली गई थी, फिर फरीदाबाद लौट आई.