देहरादून: देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में मंगलवार को एक भयंकर हादसा हुआ. इस भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया. हिमाचल के पहाड़ी मोड़ों पर चल रही एक रोडवेज यात्री बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी. कुछ ही पलों में खुशी का सफर मातम में बदल गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह बस हिमाचल रोडवेज की थी और हिमाचल प्रदेश के नेरूवा से विकासनगर की ओर जा रही थी. हादसा मीनाक रोड पर क्वानू क्षेत्र में सुदोई खड्ड के पास हुआ. बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें से कई इस दुर्घटना में घायल हो गए.
हादसे के बाद अब अधिकारियों ने इस बात की पुष्टी की है कि इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है.
#WATCH उत्तराखंड | देहरादून जिले के कालसी इलाके में यात्रियों से भरी एक बस खाई में गिर गई। SDRF की टीमें दुर्घटनास्थल पर मौजूद हैं और तलाशी और बचाव अभियान चला रही हैं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 3, 2026
(वीडियो सोर्स: SDRF) pic.twitter.com/TurZ8a3kka
हादसे की जानकारी मिलते ही SDRF की टीमें चकराता, डाकपत्थर, मोरी और त्यूणी में तैनात टीमें तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना की गईं. दुर्घटना की गंभीरता को समझते हुए दुर्गम इलाके और गहरी खाई में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया.
रेस्क्यू टीमों के पहुंचने से पहले ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की. स्थानीय लोगों की इस तत्परता से कई जिंदगियां बचाई जा सकीं. साथ ही SDRF के साथ भी स्थानीय लोग बचाव कार्य में लगे हुए थे.
हादसे के बाद प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, हादसे का कारण गाड़ी पर नियंत्रण खोने की वजह को बताया जा रहा है.. प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है.