नई दिल्ली: दिल्ली में भले ही 2 जुलाई को मॉनसून एंट्री कर चुका हो, लेकिन गर्मी से राहत अब तक नहीं मिली थी। अब IMD ने रविवार के लिए अच्छी खबर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में आज गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
IMD ने कहा है कि दक्षिण-पूर्व दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश होगी।
इस दौरान गरज, बिजली और 40 से 50 KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 KM प्रति घंटे तक जा सकती है। बारिश की तीव्रता 5 से 20 MM प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
IMD ने अपने 'अखिल भारतीय मौसम बुलेटिन' में कहा कि शुरुआत में कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी, लेकिन सप्ताह आगे बढ़ते-बढ़ते बारिश का दायरा बढ़ जाएगा।
रविवार को चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में भी छिटपुट बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है।
6 जुलाई से 8 जुलाई के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश और तेज हो सकती है।
IMD के अनुसार उत्तर भारत में 5 जुलाई से 10 जुलाई तक अलग-अलग दिनों में बारिश होगी:
- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख: 5 जुलाई और फिर 10 जुलाई
- हरियाणा, दिल्ली, पंजाब: 5 जुलाई, 9-10 जुलाई
- पश्चिमी UP: 5-7 जुलाई
- पूर्वी UP: 5-6 जुलाई
- पश्चिमी राजस्थान: 5-10 जुलाई
- पूर्वी राजस्थान: 10 जुलाई
हिमाचल और उत्तराखंड में 10 जुलाई तक अच्छी बारिश का अनुमान है। 6 से 9 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर में भी तेज बारिश हो सकती है।
स्काईमेट वेदर के वाइस प्रेसिडेंट महेश पहलावत के मुताबिक इस बार मॉनसून ट्रफ मध्य भारत की तरफ खिसक गया था। मध्य प्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ओडिशा के ऊपर बने कम दबाव क्षेत्र की वजह से बारिश दिल्ली तक नहीं पहुंच पा रही थी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि 5 जुलाई से दिल्ली में सामान्य मॉनसून बारिश शुरू हो जाएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।