अररिया में तेज रफ्तार ट्रक हादसे का शिकार, ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान

बिहार के अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-327E पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. पुलिस के अनुसार, ट्रक किशनगंज से अररिया की ओर जा रहा था. वहीं जैसे ही वाहन पनाली चौक के पास पहुंचा, चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई.

Date Updated Last Updated : 11 July 2026, 05:30 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X/ @AnkitaC40983470

पटना: बिहार के अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-327E पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. बता दें, पनाली चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गया और पलट गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और चालक समय रहते ट्रक से बाहर निकलने में सफल रहा. लेकिन कैसे हुआ ये हादसा चलिए जानते है. 

अररिया की ओर जा रहा था ट्रक 

पुलिस के अनुसार, ट्रक किशनगंज से अररिया की ओर जा रहा था. वहीं जैसे ही वाहन पनाली चौक के पास पहुंचा, चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई. इससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ गया. बताया जा रहा है कि ट्रक ने लगभग 50 मीटर तक रेलिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसके बाद वह पलट गया.

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई. दुर्घटना में ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने या किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है. 

घटना के बाद यातायात हुआ प्रभावित 

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया. सड़क पर ट्रक पलटने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई. जानकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही जोकीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से यातायात को नियंत्रित करने का काम शुरू किया. इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई, ताकि आवागमन जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके.

ड्राइवर को नींद आने के कारण हुआ हादसा 

जोकीहाट थाना प्रभारी राजीव कुमार झा ने बताया कि शुरुआती जांच में चालक को नींद आने की वजह से हादसा होने की आशंका सामने आई है. हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद पुलिस ने लंबी दूरी तक वाहन चलाने वाले चालकों से अपील की है कि वे थकान या नींद महसूस होने पर वाहन चलाने से बचें और सुरक्षित स्थान पर आराम करने के बाद ही यात्रा जारी रखें. 

सम्बंधित खबर