बिहार में फिल्म सिटी बनाने का ऐलान, CM सम्राट ने कलाकारों से की खास अपील

बिहार सरकार राज्य को फिल्म निर्माण का नया केंद्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फिल्म सिटी बनाने का ऐलान करते हुए कलाकारों को कई भाषाओं में सिनेमा बढ़ाने का न्योता दिया है.

Date Updated Last Updated : 25 August 2026, 12:23 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X/@samrat4bjp

पटना: बिहार में फिल्म निर्माण को नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि राज्य में जल्द फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा. उन्होंने भोजपुरी फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं से अपील की कि वे मिलकर इसके लिए उपयुक्त जगह तलाशें. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं में अभिनय, निर्देशन, लेखन, संगीत और फिल्म निर्माण के दूसरे क्षेत्रों में आगे बढ़ने की पूरी क्षमता है. सरकार उन्हें बेहतर मंच और जरूरी सुविधाएं देने के लिए तैयार है.

मुख्यमंत्री ने सोमवार को ज्ञान भवन में आयोजित ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार अब तेजी से बदल रहा है और फिल्म जगत से जुड़े लोगों का राज्य में स्वागत है. सरकार फिल्म बनाने वाले कलाकारों और निर्माताओं को हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी.

बिहार की संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने पर जोर

सम्राट चौधरी ने बिहार की ऐतिहासिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यह वह धरती है, जिसने करीब 2000 साल पहले भारत के स्वर्णिम दौर में महत्वपूर्ण योगदान दिया. नालंदा और विक्रमशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालयों से ज्ञान की रोशनी दुनिया के कई हिस्सों तक पहुंची. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और विरासत को सकारात्मक तरीके से देश और दुनिया के सामने लाने की जरूरत है. फिल्में इसके लिए एक प्रभावी माध्यम बन सकती हैं.

54 फिल्मों की शूटिंग को मिली सहमति

मुख्यमंत्री के मुताबिक, बिहार में 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए सरकार की ओर से सहमति दी जा चुकी है. अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी अक्टूबर से बिहार में फिल्म की शूटिंग शुरू करने की इच्छा जताई है. इससे राज्य में फिल्म निर्माण से जुड़े काम और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है. उन्होंने कलाकारों से भोजपुरी के अलावा अंगिका, मगही, बज्जिका और मैथिली भाषाओं में भी फिल्में बनाने को कहा. सरकार ने इन भाषाओं में सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए सहयोग का भरोसा दिया.

कलाकार बनें बिहार के ब्रांड एंबेसडर

मुख्यमंत्री ने कलाकारों से बिहार की सकारात्मक तस्वीर लोगों तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने कहा कि राज्य की संस्कृति और पहचान को दुनिया के सामने बेहतर तरीके से रखना सरकार के साथ-साथ कलाकारों की भी जिम्मेदारी है. उन्होंने बिहार में सड़क, मेट्रो और रैपिड रेल जैसी सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया. बेहतर कनेक्टिविटी के कारण पटना से गया, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों तक पहुंच आसान हुई है. कार्यक्रम में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव, आम्रपाली, काजल राघवानी, पाखी हेगड़े और अन्य कई लोग मौजूद रहे.

सम्बंधित खबर