नई दिल्ली: एक्टर और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने एक बार फिर अपने आलोचकों पर खुलकर निशाना साधा है. इस बार उन्होंने एक साथ कई चर्चित चेहरों को जवाब दिया है. कंगना ने आशुतोष राणा, सोनू सूद, राखी सावंत, तापसी पन्नू और बाबा रामदेव का नाम लेते हुए कहा कि वह सलाह उन्हीं लोगों की मानेंगी, जिन्हें वह अपने से ज्यादा सफल मानती हैं.
ANI से बातचीत में कंगना ने अपने पुराने विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अक्सर ऐसे लोगों की आलोचना सुनने को मिलती है, जिनके मुताबिक उन्हें अपने व्यवहार या बोलने के तरीके में बदलाव करना चाहिए. उन्होंने आशुतोष राणा के पुराने बयान और सोनू सूद की टिप्पणियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने बाबा रामदेव और आशुतोष राणा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके खिलाफ बयान देकर कुछ लोग सिर्फ चर्चा और पब्लिसिटी हासिल करना चाहते हैं. कंगना ने उन्हें "भूखे-नंगे लोग" कहकर खारिज कर दिया
कंगना ने अपने बयान में कहा कि, "मैं रोज आशुतोष राणा जैसे लोगों को देखती हूं- जो कहते हैं कि मैं कुत्ते की तरह भौंकती हूं या सोनू सूद जैसे लोगों को. फिर राखी सावंत जैसी महिलाएं हैं जो मेरे चरित्र पर तरह-तरह की बातें करती हैं, और तापसी पन्नू हैं जो मेरे माता-पिता, मेरी परवरिश और मेरे बैकग्राउंड का अपमान करती हैं. इन लोगों के लिए मेरा बस एक ही संदेश है: अगर आपने जिंदगी में मेरी सफलता का एक प्रतिशत भी हासिल नहीं किया है, तो मैं आपकी बात नहीं सुनने वाली."
कंगना ने आगे कहा कि, "सब फेल और बिल्कुल अनचाहे लोग जो हैं मुझे जब देखो चार गालियां देते रहते हैं मीडिया में आने के लिए. पहले आप कंगना रनौत बनो तो सही. आप बनकर दिखाओ. आप लोगों का ज्ञान बिल्कुल नहीं लूंगी. कोई कुत्ता कह रहा है, कोई माता-पिता को गाली दे रहा है, मैं भद्दी टिप्पणियां नहीं सुनूंगी. भूखे-नंगे लोग मुझे सुना नहीं सकते. बहुत हो गया. पेरेंट्स को भी नहीं छोड़ रहे हैं. अगर कोई मुझसे ज्यादा माननीय है मैं सिर्फ उनकी सलाह लूंगी."
कंगना और आशुतोष राणा तथा सोनू सूद के बीच हालिया विवाद की शुरुआत Gen Z प्रदर्शनकारियों को लेकर कंगना की टिप्पणी से हुई थी. कंगना ने प्रदर्शनकारियों के लिए ‘Generation Gutter’ शब्द का इस्तेमाल किया था. इसके बाद आशुतोष राणा ने सार्वजनिक हस्तियों से अपनी भाषा पर ध्यान देने की अपील की. सोनू सूद ने भी कंगना की टिप्पणी को शर्मनाक बताते हुए कहा था कि किसी भी मुद्दे पर बोलने से पहले सोचने की जरूरत है. राखी सावंत ने भी युवा महिलाओं और Gen Z को लेकर कंगना के बयान की आलोचना की थी. उन्होंने कंगना को एयरपोर्ट पर थप्पड़ मारे जाने की पुरानी घटना की भी याद दिलाई.
तापसी पन्नू और कंगना के बीच विवाद कई साल पुराना है. 2019 में कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी पर कंगना की नकल करने का आरोप लगाया था. इसके बाद दोनों के बीच बयानबाजी का दौर चला. 2020 में बॉलीवुड में नेपोटिज्म और इनसाइडर-आउटसाइडर की बहस के दौरान यह विवाद फिर तेज हुआ. कंगना ने तापसी और स्वरा भास्कर को लेकर भी तीखी टिप्पणी की थी. तापसी ने जवाब में कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री से बाहर आने वाले लोगों को एक-दूसरे को निशाना बनाने के बजाय साथ देना चाहिए और बेहतर व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए.