नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की अंग्रेजी बोलने की शैली की तुलना अपनी पुरानी अंग्रेजी स्पीच से की है. कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक रील साझा की, जिसमें दोनों के बोलने के अंदाज को आमने-सामने दिखाया गया है.
कंगना की ओर से शेयर की गई रील की शुरुआत अभिजीत दीपके के एक सार्वजनिक बयान से होती है, जिसमें वह अंग्रेजी में बोलते नजर आते हैं. इसके बाद कंगना का कई साल पुराना भाषण दिखाया गया है. इस भाषण में वह फिल्म इंडस्ट्री में अपने शुरुआती अनुभव और एक महिला कलाकार के तौर पर अपनी पहचान को लेकर बात कर रही हैं. रील में दोनों की अंग्रेजी को लेकर तुलना करते हुए लिखा गया था, “12वीं पास कंगना रनौत बनाम बोस्टन यूनिवर्सिटी के CJP दीपके का अंग्रेजी स्तर- एक शानदार है, दूसरे को रीबूट की जरूरत है.” कंगना ने इसी पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया.
कंगना इससे पहले भी अपनी अंग्रेजी को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में हुए अनुभवों का जिक्र कर चुकी हैं. उन्होंने बताया था कि अपने शुरुआती दौर में ‘कॉफी विद करण’ शो के दौरान सोनम कपूर ने उनकी अंग्रेजी का मजाक उड़ाया था. कंगना ने कहा था कि इंडस्ट्री में अपने संघर्ष से उन्होंने यह समझा कि अंग्रेजी बोलने में कमजोर होने की वजह से किसी बाहरी व्यक्ति का मजाक नहीं बनाया जाना चाहिए. उन्होंने शो के बंद होने को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी.
वहीं, अभिजीत दीपके ने रविवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फैन के सवाल का जवाब दिया था. उनसे पूछा गया था कि अंग्रेजी बोलते समय वह असहज क्यों महसूस करते हैं. अभिजीत ने बताया कि कैमरे के सामने उन्हें झिझक होती है.
कंगना और CJP से जुड़े लोगों के बीच यह पहला विवाद नहीं है. पिछले महीने CJP प्रवक्ता सौरव दास ने सांसद के तौर पर कंगना के काम पर टिप्पणी की थी. इसके जवाब में कंगना ने अपने अनुभव और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पलटवार किया था. कंगना ने कहा था कि जब वह सौरव की उम्र की थीं, तब तक वह दो नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी थीं. उन्होंने यह भी माना था कि सांसद बनने के शुरुआती दौर में काम का दबाव उनके लिए काफी ज्यादा था. साथ ही उन्होंने खुद को फिल्ममेकर, परफॉर्मिंग आर्टिस्ट, प्रोड्यूसर, स्क्रीनराइटर और एंटरप्रेन्योर बताया था.