नई दिल्ली: गुरुग्राम में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। महज कुछ घंटों की बारिश के बाद पूरा शहर जलमग्न हो गया और सड़कों पर किसी सैलाब जैसा नजारा देखने को मिला। रिहायशी कॉलोनियों से लेकर मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों तक, दो से तीन फुट पानी भर जाने के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। इस बिगड़ते हालात और जगह-जगह लगे भीषण ट्रैफिक जाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने कदम उठाए हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 25 अगस्त को कॉर्पोरेट दफ्तरों, निजी व सरकारी संस्थानों और स्कूलों के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' की एडवाइजरी जारी की है।
मंगलवार को वर्क फ्रॉम होम की सलाह
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 25 अगस्त को कॉर्पोरेट दफ्तरों, निजी व सरकारी संस्थानों और स्कूलों के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' की एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन का मानना है कि कर्मचारियों और छात्रों के घर पर रहने से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा।
इससे नगर निगम और अन्य सिविक एजेंसियों को जल निकासी व क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम तेजी से निपटाने में आसानी होगी।
जलभराव से चरमराई व्यवस्था, दावों की खुली पोल
सोमवार को हुई इस भारी बारिश ने प्रशासन के जलनिकासी संबंधी तमाम दावों की हवा निकाल कर रख दी। नए गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड से लेकर पुराने शहर के अंदरूनी इलाकों तक, हर तरफ पानी का साम्राज्य नजर आया। यूरो इंटरनेशनल स्कूल के पास सेक्टर 10, साउथ सिटी-1, सेक्टर 69 स्थित ट्यूलिप चौक, नरसिंहपुर, सेक्टर 9, 14, 45, डीएलएफ फेज 3 और सोहना रोड पर एरिया मॉल के आसपास जलजमाव की भयंकर स्थिति पैदा हो गई।
सड़कों पर रेंगते वाहन और ट्रैफिक पुलिस की मशक्कत
जलभराव के सीधे नतीजे के रूप में दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, ओल्ड दिल्ली रोड, सोहना रोड और रेलवे रोड पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। राजीव चौक अंडरपास और फ्लाईओवर पर गाड़ियां घटों तक रेंगती नजर आईं। स्थिति को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ स्थानीय थानों की टीमों को भी सड़कों पर उतारा गया है। ट्रैफिक एसीपी सत्यपाल यादव के अनुसार, जाम से निपटने के लिए प्रमुख स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू किए जा रहे हैं ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। इस बीच मौसम विभाग ने गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत समूचे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गरज-चमक के साथ फिर से भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है, जिससे नागरिकों की चिंता और बढ़ गई है।