नई दिल्ली: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 बस कुछ ही दिन दूर है. इतने पास होने के बाद विवाद बढ़ते ही जा रहे हैं. हाल ही में ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से डिसक्वालिफाई कर दिया. अब पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपने मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने इस मामले पर बड़ा बयान दिया है. इसके बाद किक्रेट जगत में हलचल मच गयी है. अफरीदी ने अपने बयान में पाकिस्तान सरकार को सीधा सर्मथन दिया है.
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने पूरे मामले पर एक बयान जारी किया. पूर्व क्रिकेटर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उनका हमेशा से मानना रहा है कि जो दरवाजे राजनीति से नहीं खुल सकते, वे क्रिकेट से खुल सकते हैं. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा, लेकिन वह अपनी सरकार के फैसले के साथ हैं. उन्होंने ICC से अपनी निष्पक्षता और स्वतंत्रता साबित करने की भी अपील की.
शाहिद अफरीदी का रुख सुर्खियों में आ गया है. उन्होंने पहले भी खेलों में राजनीतिक दखलअंदाजी के खिलाफ आवाज उठाई है. एक पुराने बयान में उन्होंने कहा था कि राजनीति खेलों को नुकसान पहुंचाती है और नकारात्मक मानसिकता सब कुछ खराब कर देती है.
भारत और पाकिस्तान के बीच T20 वर्ल्ड कप 2026 का मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना था. हालांकि, पाकिस्तानी सरकार ने अपनी टीम को भारत के खिलाफ खेलने से रोक दिया है. सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की इजाजत दी है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है.
पाकिस्तान टीम T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही है, जो 7 फरवरी से शुरू हो रहा है. ग्रुप A में पाकिस्तान का पहला मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ होगा. इस ग्रुप में भारत, USA और नामीबिया भी हैं. टूर्नामेंट 8 मार्च तक चलेगा.
भारत-पाकिस्तान मैच के बहिष्कार से ICC की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. शाहिद अफरीदी सहित कई पूर्व खिलाड़ी चाहते हैं कि ICC अपने फैसलों से अपनी निष्पक्षता दिखाए. आने वाले दिनों में यह मुद्दा और बढ़ सकता है.