पैलेट गन पीड़ित साहिल को लेकर थाने पहुंचे राहुल गांधी, शिकायत पर पुलिस ने लिया संज्ञान

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 वर्षीय साहिल लोचाब के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे. साहिल ने ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान चोट लगने और शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज न होने का आरोप लगाया है.

Date Updated Last Updated : 21 August 2026, 02:27 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X/@INCMinority

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर हुए CJP के आंदोलन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे. उनके साथ इस घटना में घायल होने का दावा करने वाले 19 वर्षीय साहिल लोचाब भी मौजूद थे. राहुल गांधी ने मामले की जांच और एफआईआर दर्ज न होने को लेकर पुलिस अधिकारियों से जानकारी मांगी. हालांकि अब खबर सामने आ रही है कि राहुल गांधी की शिकायत ले ली गई है. 

इस दौरान दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है - "नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा राहुल गांधी के लगातार संपर्क में हैं। शिकायत पीड़ित ने दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच पहले से ही 20 जुलाई को दर्ज सभी मामलों की जांच कर रही है। शिकायत करने वाले को बताया गया है कि उनकी शिकायत भी क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी।"

राहुल गांधी का दौरा पैलेट गन इस्तेमाल के मामले में चल रही जांच की स्थिति जानने के लिए था. वह संसद मार्ग थाने से जुड़े डीसीपी कार्यालय पहुंचे और यह जानकारी लेने की कोशिश की कि पुलिस जांच अब तक किस चरण में पहुंची है. कांग्रेस नेता यह भी जानना चाहते थे कि घटना के बाद पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई और जांच में अब तक क्या सामने आया है. राहुल गांधी ने अधिकारियों से सीधे बातचीत कर मामले की मौजूदा स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की.

राहुल के साथ पहुंचे पैलेट गन पीड़ित साहिल

इस दौरे की खास बात यह रही कि राहुल गांधी के साथ साहिल लोचाब भी मौजूद थे. साहिल का आरोप है कि आंदोलन के दौरान पैलेट गन से उन्हें चोटें आई थीं. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है. सूत्रों के अनुसार, साहिल इससे पहले अपने वकीलों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे थे और उन्होंने घटना को लेकर लिखित शिकायत दी थी. हालांकि, उनका दावा है कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें शिकायत की सूचना संख्या देने से इनकार कर दिया.

ईमेल और फोन के जरिए भी मांगी जानकारी

साहिल ने 17 अगस्त को ईमेल और फोन के माध्यम से एक बार फिर अपनी शिकायत की सूचना संख्या के बारे में जानकारी मांगी थी. सूत्रों के मुताबिक, उन्हें इस संबंध में कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद राहुल गांधी का खुद पुलिस अधिकारियों से मिलने पहुंचना इस मामले को लेकर अहम माना जा रहा है. राहुल गांधी ने साफ किया कि वह यह जानना चाहते हैं कि पुलिस जांच में क्या प्रगति हुई है और आगे किस तरह की कार्रवाई की जा रही है.

मामले पर फिर बढ़ी चर्चा

राहुल गांधी के संसद मार्ग थाने पहुंचने के बाद जंतर-मंतर पर हुए CJP आंदोलन और पैलेट गन के कथित इस्तेमाल का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है. फिलहाल पुलिस की जांच के नतीजों और इस मामले में आगे होने वाली कार्रवाई को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. राहुल गांधी ने कहा कि वह थोड़ी देर बाद इस मुद्दे पर मीडिया को भी संबोधित करेंगे. अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच से सामने आने वाली जानकारी पर बनी हुई है.

सम्बंधित खबर