'पहले हमारे तेल टैंकर छोड़ो', होर्मुज से भारतीय जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए ईरान ने भारत के सामने रखी बड़ी शर्त

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने भारत से उन तीन तेल टैंकरों को छोड़ने की मांग की है जिन्हें फरवरी में भारतीय तट के पास पकड़ा गया था.

Date Updated Last Updated : 16 March 2026, 10:42 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X

मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान और भारत के बीच समुद्री व्यापार से जुड़ा एक नया मुद्दा सामने आया है. रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने भारत से उन तीन तेल टैंकरों को छोड़ने की मांग की है जिन्हें फरवरी में भारतीय तट के पास पकड़ा गया था. बदले में तेहरान ने संकेत दिया है कि वह भारत जाने वाले जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने की अनुमति दे सकता है. हालांकि इस मामले पर अब तक न तो भारत और न ही ईरान की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है.

 टैंकर जब्ती का मामला

फरवरी की शुरुआत में भारतीय समुद्री एजेंसियों ने मुंबई तट के पास तीन तेल टैंकरों को रोक लिया था. बताया गया कि इन जहाजों पर ऐसा कच्चा तेल था जिस पर अमेरिका की ओर से प्रतिबंध लगाए गए हैं. जांच एजेंसियों को संदेह था कि ये जहाज प्रतिबंधों के बावजूद तेल के अवैध व्यापार में शामिल हो सकते हैं. इसलिए उन्हें जांच के लिए रोककर बंदरगाह पर लाया गया.

ईरान की नई पेशकश

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के राजदूत ने हाल ही में नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात की. बातचीत के दौरान उन्होंने उन टैंकरों की रिहाई का मुद्दा उठाया. बताया जा रहा है कि तेहरान ने संकेत दिया है कि अगर जहाजों को छोड़ दिया जाता है तो भारत से आने-जाने वाले जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने में सुरक्षा दी जा सकती है.

होर्मुज जलडमरूमध्य का महत्व

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में गिना जाता है. खाड़ी क्षेत्र से निकलने वाला बड़ा हिस्सा तेल और गैस इसी मार्ग से गुजरता है. भारत भी अपने ऊर्जा आयात के लिए इस रास्ते पर काफी निर्भर है. ऐसे में यहां पैदा होने वाला कोई भी तनाव वैश्विक ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार दोनों को प्रभावित कर सकता है.

हमलों से बढ़ी चिंता

अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. जवाबी कार्रवाई में ईरान ने कई जगह सैन्य गतिविधियां तेज कर दीं. इसी दौरान होरमुज से गुजरने वाले कुछ जहाजों पर हमले की खबरें भी सामने आईं. एक घटना में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई जबकि एक लापता बताया गया. इससे समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है.

सम्बंधित खबर