भारत-पाकिस्तान के बीच सिंधु जल विवाद फिर गरमाया, शहबाज ने भारत को कड़े जवाब की धमकी दी

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में भारत के साथ तनावपूर्ण रिश्तों और सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाया. उन्होंने पानी को पाकिस्तान की रेड लाइन बताते हुए कड़े जवाब की चेतावनी दी और चीन समेत सहयोगी देशों का जिक्र किया.

Date Updated Last Updated : 14 August 2026, 11:41 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत के खिलाफ एक बार फिर सख्त बयान दिया है. इस्लामाबाद में आयोजित ‘यादगार-ए-फतह’ कार्यक्रम में उन्होंने सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान अपने पानी को लेकर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि भारत ने अपना रुख नहीं बदला तो पाकिस्तान जवाब देने से पीछे नहीं हटेगा. शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान के पानी की हर बूंद उसके लिए बेहद अहम है और इसे उसकी ‘रेड लाइन’ माना जाएगा. 

बता दें कि भारत ने अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को रोक दिया था. इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया था. इसके बाद मई 2025 में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था.

भारत को दी सख्त चेतावनी

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में मई 2025 के सैन्य संघर्ष का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शांति और सम्मान के साथ रहना चाहता है, लेकिन इसे उसकी कमजोरी नहीं माना जाना चाहिए. शरीफ ने कहा कि अगर आगे पाकिस्तान की संप्रभुता या सुरक्षा को चुनौती दी गई तो उसका जवाब पहले से ज्यादा ताकत के साथ दिया जाएगा. हालांकि, मई 2025 के सैन्य तनाव के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम हुआ था. इसके बावजूद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बना हुआ है.

ट्रंप को दिया सीजफायर का श्रेय

शहबाज शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराने में अहम भूमिका निभाई थी. शरीफ के अनुसार, समय पर हुए सीजफायर से बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई जा सकी. हालांकि, भारत लगातार अमेरिकी मध्यस्थता के दावे को खारिज करता रहा है.

चीन और खाड़ी देशों से रिश्तों का जिक्र

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने चीन के साथ अपने देश के रिश्तों को भी मजबूत बताया. उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में चीन हमेशा पाकिस्तान के साथ खड़ा रहा है और दोनों देशों की दोस्ती बेहद गहरी है. इसके अलावा शरीफ ने सऊदी अरब के साथ हुए रक्षा समझौते और इसमें तुर्की की भागीदारी का भी उल्लेख किया. उन्होंने इसे क्षेत्र में शांति और मुस्लिम देशों के बीच सहयोग से जोड़ते हुए कहा कि पाकिस्तान अपने रणनीतिक साझेदारों के साथ संबंध और मजबूत कर रहा है.

सम्बंधित खबर