आजकल बालों की समस्याएं आम हो गई हैं. बाल झड़ना, डैंड्रफ की परेशानी और स्कैल्प में संक्रमण जैसी दिक्कतें लोगों को लगातार सता रही हैं. इनकी मुख्य वजह सिर की गंदगी, ठीक से सफाई न करना और स्कैल्प का सूखापन माना जाता है. बाजार में ढेर सारे केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स उपलब्ध हैं, लेकिन प्राकृतिक उपाय ज्यादा सुरक्षित और प्रभावी साबित हो रहे हैं. सरसों का तेल और मेथी के बीजों का कॉम्बिनेशन ऐसा ही एक शक्तिशाली घरेलू नुस्खा है. जो बालों को जड़ से मजबूत बनाता है.
सरसों का तेल सदियों से बालों की देखभाल के लिए इस्तेमाल होता आ रहा है. इसमें विटामिन ई, ओमेगा-3 फैटी एसिड्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर होते हैं, जो स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाते हैं और बालों की जड़ों को पोषण पहुंचाते हैं. दूसरी ओर मेथी के बीज प्रोटीन, आयरन, निकोटिनिक एसिड और लेसीथिन से समृद्ध होते हैं. ये बालों को प्राकृतिक कंडीशनर की तरह मुलायम बनाते हैं. दोनों को मिलाकर लगाने से स्कैल्प गहराई से पोषित होता है, संक्रमण दूर होते हैं और बाल स्वस्थ रहते हैं.
डैंड्रफ की समस्या सबसे आम है, जो स्कैल्प में फंगस या बैक्टीरिया के कारण होती है. सरसों का तेल एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुणों से भरपूर होता है. जो फंगस को जड़ से खत्म करने में मदद करता है. मेथी क्लीनिंग एजेंट की तरह काम करती है, जो स्कैल्प की अतिरिक्त तेल और गंदगी साफ करती है. दोनों मिलकर डैंड्रफ को कम करते हैं, खुजली दूर करते हैं और स्कैल्प को हाइड्रेट रखते हैं. नियमित उपयोग से सफेद फ्लेक्स गायब हो जाते हैं और बाल साफ-सुथरे दिखते हैं.
स्कैल्प इंफेक्शन, फंगल या बैक्टीरियल दोनों तरह के होते हैं. जो बालों की ग्रोथ रोक देते हैं. सरसों का तेल और मेथी दोनों एंटीबैक्टीरियल हैं, जो संक्रमण को कंट्रोल करते हैं. ये जमा गंदगी साफ करते हैं. फंगल ग्रोथ रोकते हैं और सूखी त्वचा को मॉइस्चराइज करते हैं. इससे डैंड्रफ से बचाव होता है और स्कैल्प हेल्दी रहता है. सूखे स्कैल्प वाले लोगों के लिए यह कॉम्बिनेशन विशेष रूप से फायदेमंद साबित होता है, क्योंकि यह प्राकृतिक रूप से नमी बनाए रखता है.
2-3 चम्मच मेथी के बीजों को रातभर भिगोकर पीस लें. इसमें 4-5 चम्मच सरसों का तेल मिलाकर हल्का गर्म करें. ठंडा होने पर स्कैल्प और बालों की लंबाई पर लगाएं. 30-45 मिनट या रातभर छोड़ दें, फिर हल्के शैंपू से धो लें. सप्ताह में 2-3 बार करने से स्कैल्प साफ होता है, बालों में चमक आती है और झड़ना कम होता है.यह प्राकृतिक उपाय सुरक्षित है, लेकिन पैच टेस्ट जरूर करें. नियमित उपयोग से बाल मजबूत, घने और चमकदार बनते हैं. केमिकल्स से दूर रहकर प्रकृति की शक्ति अपनाएं और बालों की सेहत सुधारें.