इमरान खान को अदियाला जेल से शिफा अस्पताल ले जाया गया, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इमरान खान को अदियाला जेल से शिफा इंटरनेशनल अस्पताल शिफ्ट किया गया है.उनके अस्पताल पहुंचने से पहले इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई.

Date Updated Last Updated : 21 August 2026, 10:49 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI generated

नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान को अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल लाया गया. इमरान खान की अस्पताल शिफ्टिंग को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए.

शिफा अस्पताल के बाहर भारी सुरक्षा

इमरान खान के अस्पताल पहुंचने से पहले ही शिफा इंटरनेशनल अस्पताल और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई थी. इस्लामाबाद पुलिस के इंस्पेक्टर जनरल (IG) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली.

अस्पताल के आसपास खड़े वाहनों को लिफ्टर की मदद से हटाया गया, ताकि इमरान खान को लाने वाले काफिले के रास्ते में कोई रुकावट न आए. सुरक्षा एजेंसियों ने अस्पताल के आसपास निगरानी भी बढ़ा दी है.

अस्पताल का हिस्सा बनेगा सब-जेल

सुरक्षा को देखते हुए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल के एक हिस्से को सब-जेल घोषित करने की तैयारी की जा रही है. प्रशासन की ओर से इस संबंध में जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. माना जा रहा है कि इमरान खान के अस्पताल में रहने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था इसी व्यवस्था के तहत की जाएगी.

अलीमा खान को जेल में नहीं मिली एंट्री

इमरान खान की बहन अलीमा खान भी उनसे मिलने के लिए अदियाला जेल पहुंची थी. उनके साथ चचेरे भाई कासिम खान भी थे. हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दोनों को जेल के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शिफ्टिंग

इमरान खान को अस्पताल भेजने की कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हुई है. अदालत ने अधिकारियों को पूर्व प्रधानमंत्री की मेडिकल जांच और इलाज के लिए उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने का आदेश दिया था.

इसके बाद पाकिस्तान के प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने अस्पताल में जरूरी तैयारियां पूरी की. इमरान खान के अस्पताल पहुंचने के बाद भी पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं.

सम्बंधित खबर