नई दिल्ली: उत्तर और मध्य भारत समेत देश के कई हिस्से इस वक्त भीषण गर्मी और जानलेवा लू की चपेट में हैं. पारा 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है और दोपहिया वाहन चालकों के लिए सड़क पर निकलना किसी सजा से कम नहीं है. ऐसे में महाराष्ट्र के मालेगांव से एक ऐसा अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.
बड़े-बड़े इंजीनियर भी दंग
ये देखकर बड़े-बड़े इंजीनियर भी दंग रह गए हैं. एक स्थानीय युवक ने तपती धूप और लू के थपेड़ों से बचने के लिए अपनी स्कूटी को ही 'चलती-फिरती एसी' में तब्दील कर दिया है. मात्र 1500 रुपये के बजट में तैयार इस 'देसी फ्रिज' वाले आइडिया को इंटरनेट पर खूब वाहवाही मिल रही है.
कैसे काम करता है यह 1500 रुपये का कूलिंग हैक?
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इस युवक ने विज्ञान के बुनियादी सिद्धांत 'इवेपोरेटिव कूलिंग' का इस्तेमाल किया है. इसके लिए स्कूटी के आगे पानी की एक बोतल, एक छोटा वाटर पंप, पाइप और महीन फुहार फेंकने वाले नोजल का सेट फिट किया गया है. जैसे ही स्कूटी स्टार्ट होती है 12 वोल्ट की छोटी बैटरी से चलने वाला पंप सक्रिय हो जाता है और नोजल के जरिए पानी की बेहद बारीक बूंदें राइडर के सामने हवा में छोड़ता है.
असली हुनर डिग्री से नहीं मिलती
स्कूटी की तेज रफ्तार के कारण सामने से आने वाली गर्म हवा इन पानी की बूंदों के संपर्क में आकर तुरंत ठंडी हो जाती है. यह तकनीक ठीक वैसे ही काम करती है जैसे हमारे घरों में लगे कूलर ठंडी हवा देते हैं. सोशल मीडिया यूजर्स इस कलाकारी को देखकर कह रहे हैं कि असली हुनर डिग्री में नहीं बल्कि ऐसे देसी दिमाग में होता है.
क्या यह अनोखा जुगाड़ पूरी तरह सुरक्षित है?
भले ही महज 1500 से 1600 रुपये में तैयार यह सेटअप भीषण गर्मी में राहगीरों को बड़ी राहत दे रहा हो लेकिन ऑटो एक्सपर्ट्स और कुछ सजग सोशल मीडिया यूजर्स ने इसकी सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई है. सबसे बड़ा जोखिम स्कूटी की वायरिंग और बैटरी लोड को लेकर है. यदि अतिरिक्त पंप और बैटरी का कनेक्शन सही तरीके से न किया जाए तो स्कूटी के शॉर्ट सर्किट होने या उसका पूरा इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम ठप होने का खतरा रहता है. इसके अलावा तेज रफ्तार में पानी की फुहारें सीधे आंखों पर पड़ने से राइडर का संतुलन बिगड़ सकता है.