नई दिल्ली: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पश्चिमी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक किराए के मकान में 22 वर्षीय युवती भवानी एस. की लाश मिलने से हड़कंप मच गया. घटना के वक्त उसका पार्टनर चंदन उर्फ चंद्रशेखर भी कमरे में बेहोशी की हालत में मिला, जिसने जहर खाया था. शुरुआत में इसे आत्महत्या का प्रयास माना जा रहा था. लेकिन पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह मामला हत्या को सुसाइड पैक्ट का रूप देने की एक सोची-समझी साजिश लग रहा है. पुलिस ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी चंद्रशेखर को गिरफ्तार कर लिया है.
जांच अधिकारियों के मुताबिक, भवानी एक मोबाइल शोरूम में काम करती थी और चंद्रशेखर के साथ पिछले कई सालों से रिश्ते में थी. दोनों ने करीब एक साल पहले परिवार को बताए बिना गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी और पड़ोसियों को पति-पत्नी बताकर रह रहे थे. चंद्रशेखर पहले से शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी से छह साल का एक बच्चा भी है, जिसकी भवानी को भनक तक नहीं थी.
इस खौफनाक वारदात का खुलासा 13 जून को हुआ. चंद्रशेखर ने अपनी कथित पहली शादी की सालगिरह मनाने के लिए भवानी के ही इंस्टाग्राम अकाउंट से दोनों की एक तस्वीर स्टोरी पर पोस्ट कर दी. इस अचानक आई पोस्ट को देखकर भवानी के परिजन दंग रह गए. जब परिजनों ने भवानी को फोन मिलाया, तो उसका फोन नहीं उठा. घबराए पिता ने तुरंत मकान मालिक से संपर्क किया. मकान मालिक और पड़ोसियों ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर भवानी मृत पड़ी थी और चंद्रशेखर अचेत था.
भवानी के पिता ने पुलिस शिकायत में बताया कि परिवार हाल ही में उसकी शादी की तैयारियों में जुटा था और अगले ही हफ्ते उसकी सगाई होने वाली थी. पुलिस का अनुमान है कि भवानी ने जब चंद्रशेखर को इस सगाई के बारे में बताया, तो दोनों के बीच भीषण विवाद हुआ.
पुलिस को शक है कि चंद्रशेखर ने भवानी को एक साथ जहर खाकर जान देने के लिए राजी किया. जब भवानी ने जहर खाया और उसे उल्टी हो गई, तो चंद्रशेखर ने पकड़े जाने के डर से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसने खुद भी अधिक मात्रा में जहर निगल लिया ताकि मामला आत्महत्या जैसा दिखे. फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सही समय और कड़ियों को जोड़ा जा सके.