नई दिल्ली: सोशल मीडिया के जमाने में लोगों की एक भी अलग घटना या हरकत उसे वायरल बना देती है. ऐसे ही गरीब रथ एक्सप्रेस में एक यात्री की एक हरकत ने उसे वायरल कर दिया.
उस यात्री की यात्रा तब सुर्खियों में आई जब ट्रेन के एक डिब्बे में अचानक 'लाइव रियलिटी शो' जैसा माहौल बन गया. तेज गाना, लगातार शोर और सोशल मीडिया रील्स बनाने की होड़ के बीच कई यात्रियों की शांत यात्रा पूरी तरह प्रभावित हो गई. अब इस घटना का वीडियो पूरे सोशल मीडिया पर छाया हुआ है.
दरअसल मनमोहन वर्मा नाम के एक यात्री ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बिलासपुर से लखनऊ तक गरीब रथ एक्सप्रेस की अपनी यात्रा का अनुभव बताया. वर्मा के अनुसार, लगभग 25–30 लोगों का एक बड़ा परिवार पूरे डिब्बे में तेज आवाज में संगीत बजाते, चिल्लाते और इंस्टाग्राम रील्स बनाते हुए दिखाई दे रहा था. इससे अन्य यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी, जो शांति से सफर करना चाहते थे.
वर्मा ने अपने पोस्ट में लिखा कि ट्रेन की यात्रा सामान्य और शांतिपूर्ण होनी चाहिए थी, लेकिन कुछ लोगों के व्यवहार ने इसे पूरी तरह बदल दिया. उनके मुताबिक, उस परिवार ने ट्रेन के डिब्बे को मानो अपना निजी स्टूडियो बना लिया था. तेज गाना, लगातार हंसी-मजाक और रील्स बनाने की गतिविधियों के कारण पूरे डिब्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.
हालांकि कई घंटों तक ये स्थिति झेलने के बाद वर्मा ने आखिरकार रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और डिब्बे में पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद यात्रियों को कुछ हद तक राहत मिली.
इस घटना के बाद वर्मा ने सोशल मीडिया पर यह सवाल भी उठाया कि सार्वजनिक स्थानों पर यात्रा करते समय कई लोग बुनियादी नागरिक शिष्टाचार क्यों भूल जाते हैं. उनका कहना था कि ट्रेन का डिब्बा एक सार्वजनिक जगह है, न कि किसी का पर्सनल इंटरटेनमेंट स्पेस. इसलिए यात्रियों को दूसरों की सुविधा और आराम का भी ध्यान रखना चाहिए.