छात्र आंदोलन से घबराई विपक्षी पार्टियां, बलतेज पन्नू का कांग्रेस-भाजपा पर करारा हमला

नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के बढ़ते आंदोलन को लेकर सियासत गरमा गई है. आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है.

Date Updated Last Updated : 23 July 2026, 10:16 PM IST
फॉलो करें:

चंडीगढ़: देशभर में नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के बढ़ते आंदोलन को लेकर सियासत गरमा गई है. आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. पन्नू ने कहा कि लाखों युवाओं के संघर्ष और आक्रोश से घबराकर कांग्रेस और भाजपा मिलकर पंजाब की भगवंत मान सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि मान सरकार के कार्यकाल के दौरान पंजाब में एक भी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है.

तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही विरोधी पार्टियां

बलतेज पन्नू ने एक बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस और भाजपा जानबूझकर जनता का ध्यान भटकाने के लिए झूठे बयान दे रही हैं. फरीदकोट में सामने आए हालिया मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पेपर लीक की घटना नहीं थी, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से नकल करने का प्रयास था. संबंधित उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में ही रंगे हाथों पकड़ लिया गया था और पंजाब पुलिस ने तत्काल प्रभाव से सख्त कानूनी कार्रवाई की थी. इसके बावजूद विरोधी दल इस घटना को गलत तरीके से पेपर लीक का नाम देकर भ्रम फैला रहे हैं.

भाजपा के राज में कई परीक्षाएं रद्द

आप नेता ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का जिम्मेदार ठहराया. पन्नू ने कहा कि कांग्रेस को पंजाब सरकार पर उंगली उठाने से पहले अपने शासनकाल में हुए पेपर लीक मामलों का जवाब देना चाहिए. वहीं केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में 90 से अधिक भर्ती व प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया.

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नाकामियों के कारण निराश होकर 20 से अधिक छात्रों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी, लेकिन भाजपा सरकार ने दोषियों पर समय रहते सख्त कदम उठाने के बजाय लीपापोती करने का काम किया.

युवाओं की आवाज मजबूती से उठाएगी 'आप'

बलतेज पन्नू ने कहा कि आज देश का युवा अपने अधिकारों और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के लिए सड़कों पर है. भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए विपक्ष पर इल्जाम लगा रही है, जबकि कांग्रेस पंजाब में आम आदमी पार्टी को बदनाम करने के लिए भाजपा का साथ दे रही है. पन्नू ने जोर देकर कहा कि देश का युवा सच्चाई समझता है और आम आदमी पार्टी युवाओं की इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी तथा हर मंच पर उनकी आवाज उठाती रहेगी.

सम्बंधित खबर