नई दिल्ली: दिल्ली में अप्रैल की शुरुआत के बीच मौसम ने अचानक से एक बार फिर से करवट ले ली है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. इस दौरान तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है और आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश की संभावना ने मौसम को और सुहावना बना दिया है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 33.3°C रहा, जबकि पालम, लोधी रोड और आयानगर में भी तापमान लगभग इसी स्तर के आसपास रहा. रिज क्षेत्र में सबसे अधिक तापमान 34.4°C दर्ज किया गया, लेकिन यह भी सामान्य से नीचे ही रहा.
मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान आसमान में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. IMD ने बताया कि बुधवार को तापमान में और भी गिरावट आ सकती है, जिससे अधिकतम तापमान करीब 31°C तक पहुंच सकता है.
मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और बदलती हवाओं के कारण हो रहा है. इसके चलते राजधानी में आंशिक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार बने हुए हैं.
दिल्ली में रात और सुबह के समय भी ठंडक महसूस की जा रही है. सफदरजंग और पालम में न्यूनतम तापमान 17-18°C के बीच दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड और आयानगर में यह और नीचे रहा. इससे सुबह का मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक बना हुआ है.
बारिश के कारण ही दिल्ली की हवा में कुछ सुधार भी है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 134 दर्ज किया गया, जोकि 'मध्यम’ श्रेणी में आता है. संभवतः आने वाले दिनों में भी वायु गुणवत्ता इसी श्रेणी में बनी रह सकती है.
उम्मीद जताई जा रही है कि 10 अप्रैल के बाद मौसम एक बार फिर से करवट लेगा. 10 तारीख के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. फिलहाल, बदलते मौसम ने राजधानीवासियों को कुछ दिनों के लिए गर्मी से राहत जरूर दी है.