नई दिल्ली: क्रिकेट में फॉर्म का उतार-चढ़ाव अक्सर खिलाड़ियों को कठघरे में खड़ा कर देता है, खासकर तब जब बात किसी सलामी बल्लेबाज की हो. लगातार तीन पारियों में खाता न खोल पाने के बाद अभिषेक शर्मा भी अब आलोचनाओं के घेरे में हैं, लेकिन भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलकर उनका बचाव किया है.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मीडिया से बातचीत के दौरान कप्तान ने साफ कहा कि टीम को अभिषेक की क्षमता पर पूरा भरोसा है.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप सुपर 8 मुकाबले से पहले कप्तान सूर्यकुमार ने कहा कि अभिषेक जब लय में होते हैं तो मैच का रुख बदल देते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि टीम चाहती है कि अभिषेक अपने स्वाभाविक आक्रामक शैली में खेलें. साथ ही कप्तान ने यह भी जोड़ा कि हर खिलाड़ी के करियर में ऐसे दौर आता है. लेकिन ऐसे समय में उनका साथ नहीं छोड़ना चाहिए बल्कि टीम को एकजुट होकर एक-दूसरे का साथ देना चाहिए.
सूर्यकुमार ने मैच से पहले अपने सलामी बल्लेबाज अभिषेक का समर्थन करते हुए कहा कि जो लोग अभिषेक की फॉर्म को लेकर चिंतित हैं, उन्हें धैर्य रखना चाहिए. उनके मुताबिक, पिछले साल अभिषेक ने टीम के लिए अहम योगदान दिया था और अब टीम उनकी वापसी का इंतजार कर रही है.
कप्तान का मानना है कि आत्मविश्वास लौटते ही वह फिर से बड़े स्कोर बनाएंगे. क्योंकि अभिषेक ऐसे खिलाड़ी हैं जो फॉर्म में रहने पर एक तरफा मैच पलटने की ताकत रखते हैं.
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कप्तान ने अपने स्टार खिलाड़ी तिलक वर्मा का भी समर्थन किया. उन्होंने कहा कि तिलक खुद अपनी मौजूदा बल्लेबाजी से संतुष्ट नहीं होंगे, लेकिन टीम मैनेजमेंट को उनकी क्षमता पर भरोसा है. नंबर तीन पर उनकी भूमिका अहम है और कप्तान को उम्मीद है कि वह जल्द ही बेहतर प्रदर्शन करेंगे.
टीम की रणनीति पर बात करते हुए सूर्यकुमार ने कहा कि टी20 क्रिकेट में हर मैच में लगातार रन बनाना संभव नहीं होता. अगर शुरुआती विकेट जल्दी गिर भी जाएं, तो मीडिल ओवरों में समझदारी से खेलकर पारी को संभाला जा सकता है. उनका मानना है कि अंतिम पांच ओवरों में टीम के पास 60-70 रन तेजी से बनाने की ताकत है.