नई दिल्ली: टी20 विश्व कप अपने विजेता की ओर अग्रसर है. टी20 विश्व कप के रोमांच के बीच एक दिलचस्प मोड़ सामने आ रहा है. अगर भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है, तो अभी यह तय नहीं है कि उसे मुंबई के ऐतिहासिक मैदान पर खेलने का मौका मिलेगा या नहीं. परिस्थितियां ऐसी बन सकती हैं कि टीम इंडिया को सेमीफाइनल के लिए देश से बाहर जाना पड़े. खासकर अगर मुकाबला पाकिस्तान से हुआ, तो मैच का स्थान बदल जाएगा.
फिलहाल तय कार्यक्रम के अनुसार, यदि भारत सुपर 8 स्टेज पार कर सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो वह दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेलेगा. लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने स्पष्ट किया है कि यदि सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होते हैं, तो यह मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा.
अगर सुपर 8 के ग्रुप कॉम्बिनेशन इस तरह बनते हैं कि भारत और पाकिस्तान अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष दो स्थान पर काबिज रहते हैं और सेमीफाइनल में भिड़ते हैं, तो मैच कोलंबो में शिफ्ट होगा. ऐसी स्थिति में भारत को 5 मार्च की बजाय 4 मार्च को पहला सेमीफाइनल खेलना पड़ेगा.
बता दें यह फैसला हाइब्रिड मॉडल को लेकर बनाया जा सकत है. भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों को लेकर ‘हाइब्रिड मॉडल’ लागू है, जिसके तहत दोनों देशों के मैच तटस्थ स्थल पर खेले जाते हैं. यह समझौता 2027 तक प्रभावी है. इसी कारण यदि दोनों टीमें नॉकआउट स्टेज में भिड़ती हैं तो मुकाबला भारत में नहीं बल्कि श्रीलंका में होगा.
अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में नहीं पहुंचता या उसका सामना किसी दूसरी टीम से होता है, तो मुंबई को सेमीफाइनल की मेजबानी मिलेगी. वहीं, पाकिस्तान के अंतिम चार में पहुंचने पर कोलकाता के ईडन गार्डन की जगह भी बदली जा सकती है.
ग्रुप से भारत और पाकिस्तान ने सुपर 8 में अपनी जगह पक्की की है जिसमें भारत को अपना पहला सुपर 8 का मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना है. इस मैच के लिए दोनो टीमों ने अपनी कमर कस ली है. ये मुकाबला जो भी टीम जीतती है वह सेमीफाइनल की ओर अपना अगला कदम बढ़ाएगी.