नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में शानदार प्रदर्शन करते हुए 170 रन से बड़ी जीत दर्ज की. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली. मुकाबले में जहां कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन ने शतक लगाए, वहीं उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली.
श्रेयस अय्यर ने अपनी 26 रनों की पारी के दौरान वनडे क्रिकेट में 3000 रन पूरे कर लिए. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का एक रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया. अय्यर ने केवल 72 पारियों में 3000 रन का आंकड़ा छुआ, जबकि विराट कोहली को इस मुकाम तक पहुंचने में 75 पारियां लगी थी.
3000 वनडे रन तक सबसे कम पारियों में पहुंचने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में अब श्रेयस अय्यर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी 72 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी.
भारतीय कप्तान शुभमन गिल इस सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं. उन्होंने सिर्फ 62 पारियों में 3000 वनडे रन पूरे कर एक नया मानक स्थापित किया था. गिल ने यह उपलब्धि अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में हासिल की थी.
अगर सबसे कम गेंदों में 3000 वनडे रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो श्रेयस अय्यर तीसरे स्थान पर हैं. उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 3049 गेंदों का सामना किया.
इस सूची में शीर्ष स्थान पर पूर्व कप्तान और 1983 विश्व कप विजेता कपिल देव हैं. उन्होंने सिर्फ 2995 गेंदों में 3000 रन पूरे किए थे. खास बात यह है कि वह ऐसे इकलौते भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने 3000 रन तक पहुंचने के लिए 3000 से कम गेंदों का इस्तेमाल किया. शुभमन गिल 3016 गेंदों के साथ दूसरे स्थान पर हैं.