नई दिल्ली: अगस्त महीने का पहला रविवार हर साल खूबसूरत और अनमोल रिश्ते का जश्न मनाने का दिन लेकर आता है। दोस्ती किसी खून के रिश्ते या सामाजिक रिवाज से नहीं बंधती। इसमें कोई मुखौटा नहीं पहनना पड़ता। फ्रेंडशिप डे महज एक तारीख नहीं, बल्कि अपने उन खास साथियों को शुक्रिया कहने और उन्हें यह अहसास कराने का एक जरिया है कि वे हमारी जिंदगी में कितनी अहमियत रखते हैं।
कई बार जुबान से जो बात कहना मुश्किल लगता है। वह चंद पंक्तियों के जरिए आसानी से पहुंच जाता है। अगर आप भी अपने दोस्तों को कुछ खास और दिल से लिखा हुआ संदेश भेजना चाहते हैं, तो यहां कुछ ऐसे ही भाव पेश हैं जिन्हें आप अपने अंदाज में ढालकर अपने यार-दोस्तों तक पहुंचा सकते हैं। कभी-कभी अपनी भावनाओं को जाहिर करने के लिए किसी महंगे तोहफे से ज्यादा शब्दों का स्पर्श दिल को छू जाता है। आज के इस विशेष दिन पर अगर आप भी अपने दोस्तों के चेहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान लाना चाहते हैं, तो शायरी और संदेशों के जरिए अपनी बात उन तक पहुँचा सकते हैं।
इस खास मौके पर अपने दोस्तों को यह दुआ भेज सकते हैं कि उनकी निगाहें हमेशा आसमान की ऊंचाइयों को छूती रहें और मंजिलें उनके कदम चूमे। मुश्किल दौर में जब राहें धुंधली नजर आने लगती हैं, तब दोस्त ही वो सहारा बनते हैं जो हर गम को आपस में बांटकर जिंदगी के सफर को आसान और खुशनुमा बना देते हैं। आज अपने दोस्तों को इन प्यारे संदेशों के साथ फ्रेंडशिप डे की दिल से शुभकामनाएं भेजें और इस दिन को हमेशा के लिए यादगार बनाएं।
जीवन के इस लंबे सफर में जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो अहसास होता है कि सबसे हसीन पल वही थे जो दोस्तों के साथ बीते। वक्त बीतने के साथ दोस्त भले ही दुनिया के अलग-अलग कोनों में सिमट जाएं। लेकिन उनकी यादें पुरानी किताबों में रखे सूखे गुलाब की तरह हमेशा महकती रहती हैं। ऐसे में अपने साथियों को याद दिलाएं कि भले ही रास्ते बदल जाएं, लेकिन कयामत तक यह दोस्ताना यूं ही कायम रहना चाहिए। दोस्ती की सबसे बड़ी खासियत ही यह है कि यह किसी नियम-कायदे या बंदिश की मोहताज नहीं होती, और न ही इसे सिखाने के लिए दुनिया में कोई स्कूल बना है।