नई दिल्ली: भारतीय विश्व विजेता कोच गौतम गंभीर अपने आक्रामक स्वभाव के लिए जाने जाते हैं. गंभीर का क्रिकेट के प्रति आक्रामक स्वभाव जगजाहिर है. हालांकि अपने इसी स्वभाव के कारण गंभीर के अक्सर मैदान पर झगड़े होते हैं.
गंभीर अपने स्वभाव के साथ-साथ अपनी मैदानी लड़ाईयों के लिए भी जाने जाते हैं. मैदान पर गंभीर की आईपीएल में विराट कोहली के साथ हुई लड़ाई सबसे ज्यादा फेमस है. अब गंभीर के इस स्वभाव पर भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने अपनी राय रखी है.
भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का मानना है कि गंभीर एक मजबूत और जुझारू व्यक्तित्व वाले खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने के लिए रूड होने की जरूरत नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर एक अच्छे इंसान हैं और टीम को आगे बढ़ाने के लिए सही माहौल बनाने की कोशिश करते हैं.
गांगुली ने साफ किया कि गंभीर की असली पहचान उनकी प्रतिस्पर्धी मानसिकता है. उनके अनुसार, जीतने की इच्छा ही गंभीर को अलग बनाती है, लेकिन इसे व्यक्त करने का तरीका संतुलित होना चाहिए. उन्होंने यह भी जोड़ा कि गंभीर हमेशा टीम के हित को व्यक्तिगत प्रदर्शन से ऊपर रखते हैं. उन्होंने हमेशा ही टीम को खुद से ऊपर रखा है.
गांगुली ने आगे कहा कि गंभीर ने भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में टीम भावना को मजबूत करने पर जोर दिया है. उनके मुताबिक, गंभीर व्यक्तिगत खिलाड़ियों के बजाय पूरी टीम के सामूहिक प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करते हैं, जो किसी भी सफल टीम के लिए जरूरी होता है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बतौर मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अपनी टीम इंडिया को लगातार दो आईसीसी ट्रॉफी जिताए हैं. उन्होंने पिछले साल 9 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी और इस साल 8 मार्च को टी20 विश्व कप में जीत दिलाई है. गंभीर ऐसा करने वाला पहले हेड कोच हैं.
हालांकि अब उनकी निगाहें आगामी आईसीसी टूर्नामेंट 2027 वनडे विश्व कप पर है. इसके अलावा गंभीर को टेस्ट प्रारूप में टीम के प्रदर्शन पर विचार करना होगा.