नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आज तेज बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं.
बंगाल की खाड़ी के आसपास बने मौसम सिस्टम का असर बिहार, झारखंड और आसपास के गंगा के मैदानी इलाकों में दिखाई दे सकता है. बिहार में 19 और 20 अगस्त को तेज बारिश की संभावना है, जबकि झारखंड में 20 से 22 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है.
Depression over Jharkhand remains practically stationary during past 6 hours and lay centred at 2330 hrs IST of yesterday, the 18th August, 2026, over the same region, near latitude 24.1°N and longitude 85.3°E, close to north-northwest of Hazaribagh (Jharkhand), 90 km north of… pic.twitter.com/0vHNW1dY5D
— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 18, 2026
पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भी 19 से 24 अगस्त के बीच बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ओडिशा में भी 22 अगस्त तक गरज-चमक और वज्रपात का खतरा बना रहेगा.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 से 24 अगस्त के बीच तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद समेत कुछ इलाकों में 19 और 22 अगस्त को बारिश के आसार हैं.
मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. पश्चिमी एमपी में 23 और 24 अगस्त को बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में आंधी, बिजली और गरज-चमक को लेकर भी चेतावनी दी गई है. छत्तीसगढ़ में 21-22 अगस्त को बारिश हो सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में आज बहुत तेज बारिश की संभावना कम है, लेकिन हल्की फुहारें पड़ सकती हैं. दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 19 और 22 अगस्त को बारिश का अलर्ट है. पंजाब में 19 अगस्त को बारिश होने की संभावना जताई गई है.
उत्तराखंड में 24 अगस्त तक कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी है. जम्मू-कश्मीर में 23 अगस्त तक बारिश और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 22 अगस्त तक बारिश की संभावना है.
इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में भी 24 अगस्त तक मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश, असम, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है.