नई दिल्ली: बॉलिवुड के स्टार अभिनेता सलमान खान अक्सर अपनी फिल्मों के लिए चर्चा में बने रहते हैं. लेकिन वह अपने एक रिश्ते को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. दरअसल रोमानियाई गायिका और अभिनेत्री यूलिया वंतूर लंबे समय से सलमान खान के साथ अपने रिश्तों को लेकर सुर्खियों में रही हैं.
दोनों के बीच नजदीकियों की खबरें अक्सर चर्चा का विषय बनती रही हैं. इसी बीच यूलिया ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसने फिल्मी गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है. उन्होंने सलमान खान की आने वाली फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' में गाना गाने का प्रस्ताव ठुकरा दिया.
दरअसल, पिछले साल दिसंबर में सलमान खान के 60वें जन्मदिन पर यूलिया ने फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का टीज़र साझा किया था. इसके बाद कयास लगाए जाने लगे कि वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनेंगी. हालांकि हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में यूलिया ने स्पष्ट किया कि उन्हें फिल्म के लिए गाना ऑफर हुआ था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया.
यूलिया का कहना है कि वह म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि, 'मैं अपने दम पर आगे बढ़ना चाहती हूं और ऐसे प्रोजेक्ट्स करना चाहती हूं जो मेरी व्यक्तिगत पहचान को मजबूत करें. ऐसा करना भले ही मुश्किल होगा लेकिन बेहतर होगा अगर मैं अपने खुद के प्रोजेक्ट करूं.' बताया जा रहा है कि इस फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है, जिनके साथ यूलिया पहले भी काम कर चुकी हैं.
यूलिया ने यह भी माना कि सलमान खान का साथ उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं रहा. यूलिया ने बताया कि उन्हें सलमान खान से बहुत कुछ सीखने को मिला. उन्होंने आगे कहा कि संगीत और फिल्म जगत की बारीकियां समझने में सलमान का अहम योगदान रहा है.
अब अगर यूलिया के संगीत करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2014 में फिल्म ‘ओ तेरी’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने ‘सुल्तान’, 'रेस 3', ‘राधे’ और 'सिकंदर' जैसी फिल्मों में अपना आवाज दी.