नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक अनुराग कश्यप अपनी बेहतरीन और हटकर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, अपनी व्यावसायिक सफलता के अलावा वे अक्सर अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में बने रहते हैं। दो बार तलाक का दर्द झेल चुके अनुराग कश्यप इन दिनों खुद से 20 साल छोटी शुभ्रा शेट्टी को डेट करने के कारण चर्चा में हैं। उम्र के इस बड़े अंतर के चलते उन्हें कई बार सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और ऐज-शेमिंग का सामना करना पड़ा है। अब लंबे समय बाद अनुराग कश्यप ने जेनिस सिकेरा को दिए एक इंटरव्यू में अपनी पर्सनल लाइफ, समाज के जजमेंट्स और इस रिश्ते में आई झिझक पर खुलकर बात की है।
लॉकडाउन और 'निशांची' के सेट पर हुआ प्यार का अहसास
अनुराग कश्यप ने खुलासा किया कि वैसे तो वे दोनों पिछले 11 सालों से एक-दूसरे के साथ हैं, लेकिन उन्हें शुभ्रा के प्रति अपने प्यार का असली अहसास लॉकडाउन के दौरान और फिल्म 'निशांची' की शूटिंग के वक्त हुआ जब वे सेट पर मौजूद थीं।
किताबें और फिल्में बनीं बॉन्डिंग का जरिया
शुभ्रा शेट्टी के साथ अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों को याद करते हुए अनुराग कश्यप ने बताया कि दोनों के बीच जुड़ाव का मुख्य जरिया फिल्में, किताबें और फिल्म फेस्टिवल्स थे। उन्होंने बताया कि शुभ्रा को भी सिनेमा से बेहद लगाव है और वे उनसे भी ज्यादा फिल्म फेस्टिवल्स में जाती हैं। हालांकि, इस रिश्ते में उम्र का फासला हमेशा एक संवेदनशील मुद्दा रहा। अनुराग ने स्वीकार किया कि इस एज-गैप को लेकर वे खुद बेहद कॉन्शियस हो गए थे। एक वक्त ऐसा भी आया जब झिझक और संकोच के कारण उन्होंने शुभ्रा को खुद से दूर करने की कोशिश की थी। अनुराग के मुताबिक, समय बीतने के साथ उनकी उम्र तो बढ़ती गई लेकिन शुभ्रा के चेहरे से उनकी उम्र का अंदाजा लगाना मुश्किल था, जिसने अनुराग के भीतर हिचकिचाहट को और बढ़ा दिया था।
बेटी के रिश्ते पर शुभ्रा के माता-पिता का रिएक्शन
इस रिश्ते को लेकर जब शुभ्रा शेट्टी से उनके माता-पिता के रिएक्शन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बहुत बेबाकी से जवाब दिया। शुभ्रा ने कहा कि अगर वे एक माता-पिता के रूप में सोचें, तो 20 साल की बेटी का किसी 40 से अधिक उम्र के दो बार तलाकशुदा व्यक्ति को डेट करना चिंता का विषय हो सकता है। लेकिन उनके माता-पिता ने इस स्थिति को बेहद समझदारी से संभाला। शुभ्रा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब तो उनकी मां को लगता है कि अनुराग एक 'जोरू के गुलाम' हैं।
गौर करने वाली बात है कि अनुराग कश्यप की पहली शादी आरती बजाज और दूसरी शादी अभिनेत्री कल्कि केकलां से हुई थी, जो बाद में टूट गईं। पहली शादी से उनकी एक बेटी आलिया कश्यप है। तमाम उतार-चढ़ावों और ट्रोलिंग के बावजूद अनुराग और शुभ्रा आज अपने रिश्ते में एक-दूसरे का मजबूती से साथ निभा रहे हैं।