नई दिल्लीः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों पूरी तरह से बेकाबू हैं. कभी वह नोबेल पुरस्कार की मांग करते हैं, तो कभी ग्रीनलैंड की. ताजा मामला ग्रैमी अवॉर्ड्स से जुड़ा है. सोमवार को 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स सेरेमनी के दौरान होस्ट ट्रेवर नोआ ने डोनाल्ड ट्रंप को दोषी सेक्स अपराधी जेफरी एपस्टीन से जोड़ते हुए एक मजाक किया. डोनाल्ड ट्रंप को यह मजाक पसंद नहीं आया और उन्होंने नोआ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी. बता दें कि ट्रंप के साथ जेफरी की कई फोटो वायरल भी हो चुकी हैं. कई लोगों का मानना है कि ट्रंप जेफरी के काफी करीब थे.
दरअसल, शो के होस्ट नोआ ने मजाक में कहा, "वाह, हर कलाकार ग्रैमी अवॉर्ड चाहता है, ठीक वैसे ही जैसे ट्रंप ग्रीनलैंड और एपस्टीन आइलैंड चाहते हैं." जैसे ही कॉमेडियन नोआ ने यह कहा, दर्शक हंस पड़े. वहीं ट्रंप ने नोआ को कड़े शब्दों में बोला कि इस बेचारे, दयनीय, टैलेंटलेस, बेवकूफ MC के पीछे अपने वकीलों को भेजने वाला हूं. तैयार हो जाओ, नोआ मैं तुम्हारे साथ बहुत मजा करने वाला हूं.
नोआ ने आगे कहा कि एपस्टीन की मौत के बाद बिल क्लिंटन के साथ समय बिताने के लिए ट्रंप को एक नए आइलैंड की जरूरत क्यों है, यह बात समझ में आती है. ट्रंप को यह पसंद नहीं आया और उन्होंने गुस्से में कहा कि ग्रैमी अवॉर्ड्स देखने लायक नहीं हैं और नोआ को लूजर भी कहा.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ग्रैमी अवॉर्ड्स सबसे खराब और लगभग न देखने लायक हैं. ट्रंप ने कहा कि वह मानहानि के लिए नोआ पर मुकदमा करेंगे. ट्रंप ने ओग लिखा कि मैं बिल के बारे में तो नहीं कह सकता, लेकिन मैं कभी एपस्टीन आइलैंड या उसके आस-पास कहीं नहीं गया.
आज रात के झूठे और मानहानिकारक बयान से पहले, मुझ पर कभी भी वहां होने का आरोप नहीं लगा, यहां तक कि फेक न्यूज मीडिया ने भी नहीं. ट्रंप ने कॉमेडियन नोआ को पूरी तरह से लूजर कहा और कहा कि उसे अपने फैक्ट्स ठीक करने की जरूरत है.
गौरतलब है कि जेफरी एपस्टीन एक सेक्स अपराधी था जिसकी जेल में मौत हो गई थी. पिछले हफ्ते, उससे जुड़ी 3 मिलियन से ज़्यादा फाइलें सार्वजनिक की गईं. इनमें ट्रंप, मस्क, बिल गेट्स, बिल क्लिंटन और ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू सहित कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों के नाम शामिल थे.