मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता आमिर खान ने अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ शादी कर ली है. यह विवाह समारोह मुंबई के बांद्रा (पॉश पाली हिल) स्थित अभिनेता के निजी आवास पर बेहद सादगी और निजी तरीके से संपन्न हुआ. दोनों एक-दूसरे को पिछले 25 वर्षों से जानते हैं, जबकि लगभग दो साल के रिलेशनशिप के बाद उन्होंने अपने रिश्ते को शादी का नाम देने का फैसला किया. अभिनेता ने खुद कुछ समय पहले मीडिया के सामने आकर अपनी शादी की तारीख की आधिकारिक पुष्टि की थी.
इस खास और घरेलू शादी को बेहद सीमित रखा गया था. जिसमें दोनों परिवारों के सदस्यों के अलावा करीब 150 बेहद करीबी लोग शामिल हुए. शादी में शिरकत करने के लिए दूल्हा-दुल्हन के कुछ रिश्तेदार विदेशों से भी मुंबई पहुंचे थे. शादी को किसी भव्य बॉलीवुड पार्टी की तरह मनाने के बजाय पूरी तरह पारिवारिक माहौल में रखा गया.
इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि इसमें आमिर खान और गौरी स्प्रैट के बच्चे भी पूरी तरह शामिल हुए. शादी के रीति-रिवाजों और खुशियों में आमिर खान के तीनों बच्चे पहली पत्नी रीना दत्ता से बेटे जुनैद और बेटी इरा खान, और दूसरी पत्नी किरण राव से बेटे आजाद राव खान मौजूद रहे. इसके अलावा गौरी स्प्रैट का छह वर्षीय बेटा भी इस पारिवारिक जश्न का हिस्सा बना, जो आमतौर पर लाइमलाइट और मीडिया की चकाचौंध से दूर रहता है. आमिर खान का साल 2021 में किरण राव से अलगाव हो गया था, लेकिन वे आज भी मिलकर अपने बेटे आजाद की परवरिश कर रहे हैं.
मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली गौरी स्प्रैट ने अपना अधिकांश जीवन उसी शहर में बिताया है. वह बेंगलुरु में ही एक सैलून चलाने वाली रीता स्प्रैट की बेटी हैं. उनके व्यावसायिक और शैक्षणिक बैकग्राउंड की बात करें तो, उन्होंने ब्लू माउंटेन स्कूल से अपनी शुरुआती शिक्षा पूरी की थी. इसके बाद साल 2004 में उन्होंने 'यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स लंदन' से फैशन कोर्स (FDA स्टाइलिंग एंड फोटोग्राफी) की डिग्री हासिल की. वर्तमान में गौरी मुंबई में मशहूर 'बीब्लंट' (BBlunt) सैलून का संचालन कर रही हैं. 25 साल पुराने जुड़ाव और दो साल के कड़े कमिटमेंट के बाद अब यह जोड़ी अपनी जिंदगी के एक बेहद खूबसूरत और नए सफर पर निकल चुकी है.